अमरपाटन में जंगली हाथी का तांडव, घर ढहाया और मवेशी को मार डाला; बाल-बाल बचे ग्रामीण, रेस्क्यू की तैयारी में वन विभाग

अमरपाटन: मैहर जिले के अमरपाटन वन क्षेत्र में विचरण कर रहे जंगली हाथी ने एक बार फिर उत्पात मचाया है। रविवार और सोमवार की दरमियानी रात हाथी अचानक आक्रामक हो गया। उसने ओबरा गांव के पास ममता लोनी के मकान को ढहा दिया और घर के बाहर बंधे मवेशी पर हमला कर उसे मार डाला। इसके अलावा खेतों में खड़ी धान की फसल को भी नुकसान पहुंचाया। इस दौरान कुछ लोग बाल-बाल बच गए। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। वन विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और हाथी को रेस्क्यू कर वापस बांधवगढ़ भेजने की तैयारी शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक, करीब दो महीने पहले बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से ई-5 सी-4 कॉलर आईडी वाला जंगली हाथी बाणसागर बांध पार कर मैहर जिले के अमरपाटन वन क्षेत्र में पहुंचा था। गोरसरी पहाड़ और आसपास के इलाकों में करीब एक महीने तक विचरण के दौरान हाथी ने कई बार उत्पात मचाया था। इस दौरान एक व्यक्ति और आधा दर्जन बकरियों की मौत हुई थी, जबकि कुछ मकानों को भी नुकसान पहुंचा था। हाथी के आतंक से परेशान ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग ने कुमकी हाथियों की मदद से उसे रेस्क्यू कर वापस भेजने की तैयारी की थी, लेकिन इससे पहले ही हाथी खुद बाणसागर बांध पार कर बांधवगढ़ की ओर लौट गया था।

इसके बाद स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली थी, लेकिन 28-29 अक्टूबर की रात हाथी एक बार फिर बाणसागर बांध पार कर अमरपाटन वन क्षेत्र में लौट आया। पिछले 10 दिनों से वह इलाके में विचरण कर रहा था। कुछ समय तक रामनगर क्षेत्र में रहने के बाद उसने आबादी से दूरी बनाए रखी, लेकिन रविवार-सोमवार की रात ओबरा गांव के पास पहुंचकर अचानक आक्रामक हो गया।घटना के बाद अमरपाटन वन अमले ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है और ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी है। हाथी के लगातार उत्पात और ग्रामीणों की सुरक्षा को देखते हुए वन विभाग अब उसे रेस्क्यू कर वापस बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व भेजने की तैयारी में जुटा है।

Next Post

गोवर्धन पूजा पर बनाएं 10 से ज्यादा सब्जियों वाली स्वादिष्ट अन्नकूट की सब्जी

Tue Nov 10 , 2026
Annakut Sabji: गोवर्धन पूजा पर अन्नकूट की सब्जी बनाने की परंपरा है। इसमें कई तरह की मौसमी सब्जियों और मसाले डाले जाते हैं। जानें घर पर स्वादिष्ट अन्नकूट की सब्जी बनाने की आसान और टेस्टी रेसिपी। Annakut Ki Sabji Recipe: गोवर्धन पूजा के मौके पर भगवान श्रीकृष्ण को कई तरह […]

You May Like