भैरुंदा में स्मार्ट मीटर का उग्र विरोध: 13 मीटरों को उखाड़कर पेट्रोल से फूंका, पार्षद पति पर FIR दर्ज

भैरुंदा/सीहोर। जिले में स्मार्ट बिजली मीटर लगाने को लेकर शुरू हुआ विरोध अब उग्र रूप लेता जा रहा है. ताजा मामला नगर के वार्ड क्रमांक 1 स्थित सुभाष कॉलोनी का है, जहां स्मार्ट मीटर लगाने पहुंची टीम के साथ न सिर्फ अभद्रता की गई, बल्कि लगाए गए मीटरों को उखाड़कर आग के हवाले कर दिया गया. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार, मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड की ओर से अधिकृत एजेंसी मेसर्स अपरवा कंपनी के कर्मचारी गुरुवार को सुभाष कॉलोनी में स्मार्ट मीटर लगाने पहुंचे थे. टीम ने निर्धारित प्रक्रिया के तहत घरों में मीटर लगाना शुरू किया ही था कि तभी वार्ड की पार्षद सरोज धावरे के पति कैलाश धावरे मौके पर पहुंच गए. आरोप है कि उन्होंने स्थानीय लोगों को उकसाते हुए स्मार्ट मीटर लगाने का विरोध शुरू कर दिया.

कर्मचारियों द्वारा काम जारी रखने की बात कहने पर विवाद बढ़ गया. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कैलाश धावरे ने कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज करते हुए झूमाझटकी की और लगाए गए स्मार्ट मीटरों को जबरन निकालकर जमीन पर पटक दिया. इसके बाद उन्होंने करीब 13 मीटरों पर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. इस घटना से क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और लोग डर के माहौल में इधर-उधर भागते नजर आए.

घटना के बाद प्रभावित कर्मचारियों ने भैरुंदा थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई. पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के बाद शुक्रवार को आरोपी कैलाश धावरे के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर लिया है. मध्यप्रदेश मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के सहायक प्रबंधक टेकसिंह पिता बाल्के सिंह की रिपोर्ट पर बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 324(5), 351(2), 326(एफ) तथा विद्युत अधिनियम 2003 की धारा 138 और 140 के तहत मामला कायम किया गया है. स्मार्ट मीटर को लेकर बढ़ते विरोध और हिंसक घटनाओं के बीच अब प्रशासन के सामने सबसे बड़ी चुनौती लोगों की शंकाओं का समाधान करते हुए व्यवस्था को सुचारु रूप से लागू करना है.

स्मार्ट मीटर न लगवाने के लोगों ने बताए कारण

घटना के पीछे स्थानीय लोगों में स्मार्ट मीटर को लेकर व्याप्त असंतोष को बड़ी वजह माना जा रहा है. रहवासियों का आरोप है कि पारंपरिक मीटर जहां वास्तविक खपत के अनुसार रीडिंग देते थे, वहीं स्मार्ट मीटर कम खपत के बावजूद अधिक यूनिट दर्शा रहे हैं. इससे बिजली बिल में अनावश्यक बढ़ोतरी हो रही है और उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ रहा है। इसी कारण कई लोग अपने घरों में स्मार्ट मीटर लगाने से बच रहे हैं और विरोध कर रहे हैं.

पूर्व में भी हो चुकी हैं मीटर में तोडफ़ोड़ की घटनाएं

जिले में स्मार्ट मीटर को लेकर विरोध की यह पहली घटना नहीं है. इससे पहले जिला मुख्यालय स्थित कस्बा क्षेत्र में भी चेकिंग के दौरान एक व्यक्ति ने अधिकारियों के सामने मीटर में तोडफ़ोड़ कर दी थी. वहीं, दशहरा बाग के समीप स्मार्ट मीटर लेकर जा रहे कर्मचारियों के साथ मारपीट कर मीटर तोडऩे की घटना भी सामने आ चुकी है. इसके अलावा शहर के अन्य क्षेत्रों में स्मार्ट मीटर लगाने को लेकर उपभोक्ताओं और कर्मचारियों में विवाद हो चुके हैं. लगातार हो रही ऐसी घटनाएं प्रशासन और विद्युत विभाग के लिए चुनौती बनती जा रही हैं.

आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज

स्मार्ट मीटर लगाने के दौरान कर्मचारियों के साथ हुई घटना के बाद आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है.

घनश्याम दांगी,

थाना प्रभारी, भैरूंदा

Next Post

भीषण अग्निकांड: सीहोर के गंगा आश्रम क्षेत्र में धू-धू कर जलीं पांच गाड़ियां, लाखों का नुकसान

Fri Apr 10 , 2026
सीहोर। शहर के गंगा आश्रम क्षेत्र स्थित पलटन एरिया में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से कबाड़ में खड़ी पांच कारें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है. गनीमत रही कि समय पर पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया और किसी […]

You May Like

मनोरंजन