
सीहोर। शहर के गंगा आश्रम क्षेत्र स्थित पलटन एरिया में शुक्रवार सुबह भीषण आग लगने से कबाड़ में खड़ी पांच कारें जलकर पूरी तरह खाक हो गईं. आग से लाखों रुपए के नुकसान का अनुमान है. गनीमत रही कि समय पर पहुंची दमकलों ने आग पर काबू पाया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई.
प्राप्त जानकारी के अनुसार आग सुबह करीब 4.30 बजे जुबेर के घर के पास लगी, जहां बड़ी संख्या में पुरानी और जर्जर गाडिय़ां एकत्रित कर रखी गई थीं. देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पांच वाहन पूरी तरह जल गए. स्थानीय लोगों के मुताबिक यदि इन गाडिय़ों में ईंधन मौजूद होता तो बड़ा हादसा हो सकता था. आग की उठती विकराल लपटों को देखकर आसपास के घरों में रहने वाले नागरिकों में भी दहशत का माहौल निर्मित हो गया था. वह घरों से बाहर निकल आए थे और आग का विकराल रूप देख रहे थे. पूर्व में भी इस कबाडख़ाने में आग ने दुकानों में कहर बरपाया है. इसके बाद भी घनी बस्ती में यह धड़ल्ले से संचालित किया जा रहा है. जिससे लोगों में रोष बना है.
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और पानी की बौछार कर आग पर काबू पाया. दमकल की त्वरित कार्रवाई से आग को आसपास के मकानों तक फैलने से रोक लिया गया. पुलिस और प्रशासन द्वारा आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. फिलहाल आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है. प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट या लापरवाही बरतने की आशंका है.
घनी आबादी में बना कबाडख़ाना लोगों के लिए खतरनाक
इस घटना ने घनी बस्ती में संचालित कबाडख़ानों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. जानकारी के अनुसार संबंधित कबाड़ी द्वारा बड़ी मात्रा में पुराने वाहन एकत्रित कर रखे गए थे, जिससे क्षेत्र में जोखिम की स्थिति बनी हुई थी. निवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि आबादी वाले क्षेत्रों में संचालित ऐसे कबाड़ स्थलों की जांच कर उन्हें हटाया जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो भविष्य में बड़ा हादसा हो सकता है.
