सतना: जिले के उचेहरा क्षेत्र में मप्रपूक्षेविविकंलि की 11 केवी लाइन के 13 खंबों के बीच एल्यूमीनियम तार को काटकर चुरा ले जाने वाले फरार ईनामी आरोपी को पुलिस ने 4 महीने बाद दबोच लिया. इस घटना में शामिल 5 आरोपियों को पुलिस द्वारा पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है.जिले के उचेहरा क्षेत्र अंतर्गत करही उप केंद्र से मछखपा वाटर फिल्टर प्लांट के लिए जाने वाली 11 केवी पीएचई की लाइन में 9-10 मार्च की दरमियानी रात फाल्ट आ गया था. जिसे देखते हुए उचेहरा में पदस्थ विद्युत विभाग के कनिष्ठ अभियंता वीरेंद्र कुमार सुमन ने लाइन मैन शैलेंद्र सिंह को जांच करने के लिए भेजा.
जांच के दौरान लाइनमैन ने पाया गया कि उरदना गेट से कोरियान मंदिर के निकट तक लगभग 13 खंबों के बीच 11 केवी एल्यूमीनियम रैबिट कण्डक्टर तार के तीनों फेस की तार ही नदारद हो चुकी है. जिसके चलते कनिष्ठ अभियंता द्वारा घटना की शिकायत उचेहरा थाने में की गई. पुलिस द्वारा धारा 303 बीएनएस और विद्युत अधिनियम की धारा 136 के अंतर्गत प्रकरण दर्ज करते हुए जांच शुरु की गई.
जिसके आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पिंटू उर्फ हीराचंद्र सिंह 22 वर्ष निवासी बिहटा, सत्यम उर्फ अतिम गुप्ता 34 वर्ष निवासी करहीखुर्द, ज्योतिरादित्य वेंकटरमन सिंह 24 वर्ष निवासी बिहटा, सनी कोल 22 वर्ष निवासी पिथौराबाद, अमृत कोल 30 वर्ष निवासी पिथौराबाद को गिरफ्तार कर लिया. लेकिन आरोपी सत्त्तू उर्फ सतेंद्र कुशवाहा 34 वर्ष निवासी कुंदहरी घटना के बाद से ही फरार हो गया. जिसे देखते हुए पुलिस अधीक्षक द्वारा आरोपी की गिरफ्तारी पर 5 हजार रु का ईनाम घोषित कर दिया गया. इसी कड़ी में मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर फरार ईनामी सतेंद्र उर्फ सत्तू को दबोच लिया गया.
