एशियाई पैरा गेम्स के हीरो से आज मिलेंगे PM मोदी, भारत ने रचा है 114 पदकों का इतिहास

नयी दिल्ली, PM मोदी आज एशियाई पैरा गेम्स 2026 के भारतीय दल से मुलाकात करेंगे। आइची-नागोया में 30 स्वर्ण सहित रिकॉर्ड 114 पदक जीतकर लौटे पैरा-एथलीटों को पीएम संबोधित भी करेंगे।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज यानी गुरुवार, 5 नवंबर को एशियाई पैरा गेम्स 2026 में भाग लेकर लौटे भारतीय दल के खिलाड़ियों, कोचों और अधिकारियों के साथ विशेष बातचीत करेंगे।

नई दिल्ली के इंदिरा गांधी स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शाम करीब 4:30 बजे आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में पीएम मोदी एथलीटों का हौसला बढ़ाएंगे और जनसमूह को संबोधित करेंगे। इस बार भारतीय पैरा-एथलीटों ने जापान के आइची-नागोया में आयोजित खेलों में 30 स्वर्ण सहित कुल 114 पदक जीतकर अब तक का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन दर्ज किया है।

यहां सजेगा चैंपियंस का दरबार
पीएमओ से मिली जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम को होने वाले इस भव्य कार्यक्रम में देश का मान बढ़ाने वाले पैरा-एथलीट, उनके कोच, भारतीय पैरालंपिक समिति (PCI) और भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल होंगे।

इसके साथ ही राष्ट्रीय खेल संघों के प्रतिनिधि और युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अधिकारी भी इस ऐतिहासिक पल के गवाह बनेंगे। PM मोदी का यह संवाद खिलाड़ियों को भविष्य की प्रतियोगिताओं, विशेषकर 2028 लॉस एंजिल्स पैरालंपिक के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है।

हांगझू का रिकॉर्ड टूटा: लगातार दूसरी बार 100 पार
भारत ने इस साल जापान के आइची-नागोया एशियाई पैरा खेलों में नया इतिहास रच दिया है। भारतीय दल ने कुल 114 पदक अपने नाम किए, जिनमें 30 स्वर्ण, 35 रजत और 49 कांस्य पदक शामिल हैं।

यह प्रदर्शन चीन के हांगझू (2023) में जीते गए 108 पदकों (27 स्वर्ण) के पिछले रिकॉर्ड से कहीं बेहतर है। भारतीय दल ने लगातार दूसरी बार 100 से अधिक पदकों का आंकड़ा पार कर वैश्विक स्तर पर पैरा-स्पोर्ट्स में देश की मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है।

पैरा-एथलेटिक्स और बैडमिंटन में पदकों की बौछार
इस ऐतिहासिक अभियान में सबसे बड़ा योगदान पैरा-एथलेटिक्स का रहा, जहां भारतीय एथलीटों ने 22 स्वर्ण, 19 रजत और 24 कांस्य समेत कुल 65 पदक बटोरे। इसके अलावा अन्य खेलों का प्रदर्शन इस प्रकार रहा:

पैरा-बैडमिंटन: 16 पदक (3 स्वर्ण, 5 रजत, 8 कांस्य)
पैरा-तैराकी: 11 पदक (3 रजत, 8 कांस्य)
पैरा-आर्चरी (तीरंदाजी): 6 पदक (3 स्वर्ण के साथ शानदार प्रदर्शन)
शूटिंग: 5 पदक (2 स्वर्ण, 2 रजत, 1 कांस्य) – साथ ही 2028 समर पैरालंपिक्स के लिए 2 कोटा हासिल किए।
पैरा-टेबल टेनिस: 7 कांस्य पदक
पावरलिफ्टिंग: 2 रजत पदक
जूडो: 2 पदक (1 रजत, 1 कांस्य)

सुमित, सिमरन और जेहान ने बनाए अनोखे रिकॉर्ड
इस बार के खेलों में स्टार जैवलिन थ्रोअर सुमित अंतिल ने पुरुषों की F42-F44/F61-F64 कैटेगरी में अपना स्वर्ण पदक बरकरार रखकर पोडियम पर तिरंगा लहराया। वहीं, स्प्रिंटर सिमरन शर्मा देश की सबसे प्रमुख खिलाड़ी बनकर उभरीं; उन्होंने महिलाओं की 100 मीटर और 200 मीटर T12 स्पर्धाओं में न सिर्फ गोल्ड जीते, बल्कि नया ‘गेम्स रिकॉर्ड’ भी कायम किया।

शूटिंग में मोना अग्रवाल ने महिलाओं की 50 मीटर राइफल थ्री पोजीशन SH1 स्पर्धा में रिकॉर्ड स्कोर बनाकर स्वर्ण पदक जीता। वहीं, 50 वर्षीय जेहान दोराब मदन ने पैरा-टेबल टेनिस में ब्रॉन्ज मेडल जीतकर एशियाई पैरा गेम्स में भारत के सबसे उम्रदराज पदक विजेता बनने का गौरव हासिल किया।

Next Post

देवउठनी ग्यारस पर बाल विवाह रोकने चलेगा विशेष अभियान

Thu Nov 5 , 2026
ग्वालियर: देवउठनी ग्यारस के अवसर पर बाल विवाह की रोकथाम के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा व्यापक स्तर पर विशेष अभियान चलाया जाएगा। आगामी 20 नवंबर को देवउठनी ग्यारस पर बड़ी संख्या में होने वाले सामूहिक विवाह आयोजनों को देखते हुए विभाग ने विशेष सतर्कता बरतने और बाल […]

You May Like