दमोह: जिले नोहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत जबलपुर मार्ग पर अभाना के पास रविवार रात अज्ञात वाहन की टक्कर से शासकीय शिक्षक (जनगणना) वीरेंद्र कुमार मेहरा की मौत हो गई. घटना के बाद उन्हें गंभीर हालत में दमोह जिला अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया.प्राप्त जानकारी के अनुसार मृतक वीरेंद्र कुमार स्व. बेसाखू मेहरा उम्र 50 वर्ष निवासी अभाना शासकीय शिक्षक के पद पर पदस्थ थे.
रविवार रात वे जनगणना कर घर लौट रहे थे, तभी अभाना के पास किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी.भाई कंछेदी ने बताया कि वीरेंद्र कुमार जनगणना का काम भी देख रहे थे. ड्यूटी से घर आते समय यह हादसा हुआ. गंभीर रूप से घायल अवस्था में उन्हें जिला अस्पताल लाया गया, जहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने चेकअप और ईसीजी के बाद मृत घोषित कर दिया.नोहटा थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है. शिक्षक की आकस्मिक मौत से शिक्षा विभाग और क्षेत्र में शोक की लहर है.
