सिंगरौली: लंघाडोल थाना क्षेत्र में संचालित एक कंपनी के खिलाफ सैकड़ों श्रमिकों ने वेतन विसंगति, साप्ताहिक अवकाश और श्रम कानूनों के उल्लंघन को लेकर हड़ताल कर दी। कोयला खनन और ओबी कार्य से जुड़े मजदूर शनिवार दोपहर बाद काम छोड़कर सड़क पर उतर आए, जिससे कंपनी का कामकाज प्रभावित हुआ और करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।
श्रमिकों का आरोप है कि उनसे 12 घंटे काम लेकर 8 घंटे का भुगतान किया जाता है तथा बोनस, अवकाश, नियुक्ति पत्र, उपस्थिति कार्ड और वेतन पर्ची जैसी सुविधाएं नहीं दी जातीं। विरोध के दौरान कंपनी प्रबंधन और मजदूरों के बीच कहासुनी व धक्का-मुक्की भी हुई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। रविवार शाम श्रमिक सोमवार तक के लिए काम पर लौट आए। घटना के बाद कंपनी प्रबंधन के साथ प्रशासन की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं।
