
अनूपपुर। बुधवार की देर रात छत्तीसगढ़ राज्य के शिवनी बीट से भटककर एक नर हाथी मध्यप्रदेश के अनूपपुर जिले की जैतहरी तहसील के चोलना गांव पहुंच गया। गुरुवार की सुबह यह हाथी धनगवां बीट के जंगल में पहुंचकर विश्राम करता देखा गया। हाथी ने रात के समय ग्रामीणों के खेतों में लगी धान सहित अन्य फसलों को खाकर नुकसान पहुंचाया। वन विभाग की टीम लगातार हाथी की गतिविधियों पर निगरानी रखे हुए है और ग्रामीणों से सतर्क एवं सुरक्षित रहने की अपील की गई है।
जानकारी के अनुसार यह एक अकेला दांत वाला नर हाथी है, जो बुधवार दिनभर छत्तीसगढ़ के मरवाही वनमंडल के शिवनी बीट के जंगल में था। देर शाम वह मालाडांड गांव से होते हुए मध्यप्रदेश सीमा पार कर जैतहरी तहसील के चोलना गांव पहुंचा। यहां से होते हुए वह बचहाटोला, कुकुरगोड़ा मार्ग से धनगवां बीट के जंगल में जा पहुंचा।
लगभग दो माह बाद किसी हाथी के फिर से इस इलाके में पहुंचने से ग्रामीणों में दहशत और चिंता का माहौल है। बताया जा रहा है कि यह वही हाथी है जो पिछले तीन वर्षों से इसी मार्ग से आवाजाही करता रहा है। ग्रामीणों की फसलें नुकसान होने से किसान परेशान हैं, जबकि वन विभाग हाथी की निगरानी और ग्रामीणों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में जुटा है।
