
मुंबई, 26अगस्त (वार्ता) अभिनेत्री निर्मित कौर अहलूवालिया को हाल ही में वर्कआउट सेशन के दौरान डेडलिफ्ट करते समय चोट लग गई, जिसके बाद उन्हें पूरी तरह बेड रेस्ट लेना पड़ा। निर्मित को चोट के कारण कुछ समय के लिए अपनी नियमित फिटनेस रूटीन से भी दूरी बनानी पड़ी। निर्मित ने सोशल मीडिया स्टोरी के जरिए अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि वह इस ब्रेक को हार या रुकावट के तौर पर नहीं देख रही हैं, बल्कि इसे अपने शरीर को ठीक होने के लिए जरूरी समय मान रही हैं। उन्होंने कहा कि वह जल्दबाजी में वापसी करने के बजाय पूरी तरह स्वस्थ होकर पहले से अधिक मजबूती के साथ लौटना चाहती हैं।
निर्मित ने कहा, “यह मेरे लिए बेहद दर्दनाक अनुभव रहा है और इसने मुझे एक बार फिर समझाया कि आप खुद को कितना भी मजबूत या अनुभवी मानें, अपने शरीर या किसी भी वर्कआउट मूवमेंट को हल्के में नहीं लेना चाहिए। डेडलिफ्ट करते समय मुझे चोट लगी और यह इतनी गंभीर थी कि मुझे पूरी तरह बेड रेस्ट लेना पड़ा। जो इंसान एक्टिव रहना और ट्रेनिंग करना पसंद करता हो, उसके लिए अचानक रुक जाना आसान नहीं होता।”
उन्होंने कहा, “अब मुझे समझ आया है कि कभी-कभी रुकना, आराम करना और अपने शरीर को ठीक होने का समय देना भी जरूरी होता है। अभी रुकने से मुझे कोई परेशानी नहीं है, क्योंकि मुझे पता है कि मैं आगे आने वाली जंग के लिए खुद को तैयार कर रही हूं। मैं वापसी जरूर करूंगी, लेकिन सही तरीके से और पूरी तरह ठीक होकर वापसी करना चाहती हूं।”
निर्मित ने लोगों को ट्रेनिंग के दौरान सावधानी बरतने की सलाह देते हुए कहा, “ट्रेनिंग करते समय अपने शरीर की बात सुनें। यदि शरीर थका हुआ महसूस कर रहा है, नींद पूरी नहीं हुई है या खान-पान सही नहीं है, तो इन चीजों को ठीक करने के लिए जरूरी कदम उठाएं। रिकवरी भी उतनी ही जरूरी है जितनी ट्रेनिंग। हम अक्सर इन दोनों के बीच सही संतुलन बनाना भूल जाते हैं।” चोट के कारण निर्मित की फिटनेस जर्नी में फिलहाल अनचाहा ब्रेक आया है, लेकिन अभिनेत्री इसे सकारात्मक नजरिए से देख रही हैं। वह फिलहाल अपनी रिकवरी को प्राथमिकता दे रही हैं और पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद ही ट्रेनिंग पर लौटने की तैयारी कर रही हैं।
