नयी दिल्ली, 28 जनवरी (वार्ता) सभी सेक्टरों के मजबूत प्रदर्शन के दम पर दिसंबर 2025 में देश के औद्योगिक उत्पादन में 7.8 प्रतिशत की मजबूत वृद्धि दर्ज की गयी जो 26 महीने का उच्चतम स्तर है।इससे पहले नवंबर 2025 में औद्योगिक उत्पादन में 7.2 प्रतिशत और दिसंबर 2024 में 3.7 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी थी। राष्ट्रीय सांख्यिकी कार्यालय द्वारा बुधवार को जारी आंकड़ों के अनुसार, दिसंबर में खनन क्षेत्र में उत्पादन 6.8 प्रतिशत और विनिर्माण में 8.1 प्रतिशत बढ़ा। एक साल पहले दिसंबर 2024 में इनमें क्रमशः 2.7 प्रतिशत और 3.7 प्रतिशत की वृद्धि हुई थी। बिजली उत्पादन की वृद्धि दर 6.3 प्रतिशत दर्ज की गयी।
अप्रैल से दिसंबर को दौरान वित्त वर्ष के पहले नौ महीने में औद्योगिक उत्पादन 3.9 प्रतिशत बढ़ा जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में इसमें 4.1 प्रतिशत वृद्धि हुई थी।
इस दौरान, खनन क्षेत्र के उत्पादन में 0.1 प्रतिशत, विनिर्माण उत्पादन में 4.8 प्रतिशत और बिजली उत्पादन में 0.5 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी।
नवंबर 2025 के औद्योगिक उत्पादन की वृद्धि दर संशोधन के बाद 7.2 प्रतिशत कर दी गयी है। पहले इसके 6.7 प्रतिशत रहने की जानकारी दी गयी थी।
दिसंबर में विनिर्माण क्षेत्र के 23 समूहों में से 16 में उत्पादन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गयी है। सबसे अधिक वृद्धि मोटर वाहन, ट्रेलर और सेमी ट्रेलर समूह (33.5 प्रतिशत) में रही। सस्ती धातुओं के उत्पादन में 12.7 प्रतिशत और दवाओं तथा बोटैनिकल उत्पादों के समूहों के उत्पादन में 10.2 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

