मुंबई, 20 जुलाई (वार्ता) सोनी सब के लोकप्रिय धारावाहिक पुष्पा इम्पॉसिबल में इन दिनों भावनात्मक घटनाक्रम देखने को मिल रहा है। शो में दिलीप (जयेश मोरे) द्वारा पुष्पा (करुणा पांडे) की जानकारी के बिना घर गिरवी रख दिए जाने के बाद बैंक द्वारा घर जब्त किए जाने का खतरा मंडरा रहा है। इस संकट ने परिवार को गहरे भावनात्मक दौर से गुजरने पर मजबूर कर दिया है। शो के इस भावुक ट्रैक ने कलाकारों को भी अपने जीवन में घर और उससे जुड़ी यादों पर विचार करने के लिए प्रेरित किया। कलाकारों ने साझा किया कि उनके लिए घर केवल एक इमारत नहीं, बल्कि यादों, रिश्तों और अपनेपन का प्रतीक है।
शनाया की भूमिका निभा रहीं मुस्कान बामने ने कहा कि उनका बचपन का घर उन्हें जन्मदिन समारोह, त्योहारों की खुशियां और परिवार के साथ बिताए बेफिक्र दिनों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि घर केवल चार दीवारों का नाम नहीं, बल्कि सुकून और अपनापन का एहसास है। चिराग की भूमिका निभा रहे नितिन बाबू ने कहा कि घर की बात आते ही उन्हें सबसे पहले अपने परिवार और उन लोगों की याद आती है, जिनके साथ उन्होंने जीवन के खूबसूरत पल बिताए। उनके अनुसार घर वही जगह है, जहां जीवन की सबसे अनमोल यादें बनती हैं।
पुष्पा का किरदार निभा रहीं करुणा पांडे ने कहा कि घर हर भावना, संघर्ष, खुशी और याद को अपने भीतर समेटे रहता है। उन्होंने बताया कि अपने बचपन के घर की यादें आज भी उनके दिल के करीब हैं और यही कारण है कि इस ट्रैक की शूटिंग उनके लिए बेहद भावुक अनुभव रही। दीप्ति की भूमिका निभा रहीं दीक्षा जोशी ने कहा कि उनका बचपन का घर भले ही बड़ा नहीं था, लेकिन वह हमेशा प्यार, गर्मजोशी और समर्थन से भरा रहता था। उन्होंने कहा कि कुछ खुशबुएं और गीत आज भी उन्हें उन यादों में वापस ले जाते हैं, जो उनकी पहचान का हिस्सा बन चुकी हैं। उल्लेखनीय है कि पुष्पा इम्पॉसिबल में घर खोने के खतरे के बीच परिवार के संघर्ष और भावनात्मक जुड़ाव की कहानी दर्शकों को गहराई से प्रभावित कर रही है। यह धारावाहिक सोमवार से शनिवार रात साढ़े नौ बजे सोनी सब पर प्रसारित होता है।

