मुंबई, कलर्स टीवी के लोकप्रिय और चर्चित रियलिटी शो ‘बिग बॉस’ का घर आज पूरी तरह से युद्ध का मैदान बनने जा रहा है। लव गिल और स्काउट ओपी की दोस्ती में आई दरार के बाद अब नए एपिसोड में घर के अंदर जबरदस्त हंगामा देखने को मिलेगा। सुबह-सुबह कुछ सदस्यों के सोए रहने पर जब बिग बॉस का अलार्म बजा, तो अरिश्फा आसिफ ने स्काउट, गूल्लू और कनिका मान पर नियम तोड़ने का आरोप लगाया। इस बात से भड़कीं कनिका और अरिश्फा के बीच जोरदार जुबानी जंग देखने को मिली, जिसके बाद अरिश्फा काफी भावुक होती नजर आईं।
किचन में काम करने को लेकर माही विज और आम्रपाली दुबे में छिड़ा युद्ध, आम्रपाली ने दी काम न करने की सीधी धमकी
शो के नए प्रोमो में किचन एरिया के अंदर भोजपुरी एक्ट्रेस आम्रपाली दुबे और टीवी अभिनेत्री माही विज के बीच भी तीखी बहस देखने को मिली है। प्रोमो के मुताबिक, माही जब आम्रपाली को दाल चढ़ाने का निर्देश देती हैं, तो आम्रपाली भड़क उठती हैं और कहती हैं कि उन्हें अपना काम अच्छे से पता है। देखते ही देखते दोनों अभिनेत्रियों के बीच बात इतनी बढ़ गई कि आम्रपाली ने माही को किचन का कोई भी काम न करने की धमकी दे डाली। दोनों के इस हाई-वोल्टेज ड्रामे ने घर के बाकी सदस्यों को भी सख्ते में डाल दिया है।
हंगामे के बीच आम्रपाली और कनिका ने खींची गूल्लू की टांग, दर्शकों को पसंद आ रहा है घर के अंदर का हल्का-फुल्का माहौल
लड़ाई-झगड़ों और तनाव भरे माहौल के बीच बिग बॉस के घर में कुछ हल्के-फुल्के पल भी देखने को मिले। एक अन्य प्रोमो में आम्रपाली दुबे, कनिका मान और गूल्लू के बीच मजेदार बातचीत होती दिखी, जहां आम्रपाली और कनिका मिलकर गूल्लू के ‘होटल मैनेजमेंट’ कोर्स का मजाक उड़ाते हुए उनकी टांग खींचती नजर आईं। घर के अंदर के इन बदलते समीकरणों और रोजाना होते नए ड्रामे ने दर्शकों की उत्सुकता को और बढ़ा दिया है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि वीकेंड से पहले घर का माहौल क्या नया मोड़ लेता है।

