150 प्रतिशत तक वसूली का आंकड़ा पार करो, कोताही बर्दाश्त नहीं होगी: निगमायुक्त

जबलपुर: इस बार निगम का लक्ष्य 120 से 150 प्रतिशत तक राजस्व वसूली सुनिश्चित करना है। संसाधनों की कोई कमी नहीं होने दी जाएगी, लेकिन परिणामों में कोई कोताही बर्दाश्त नहीं होगी। राजस्व विभाग के साथ-साथ अब निगम के सभी विभाग एक टीम के रूप में कार्य करेंगे, सभी अपर आयुक्त, उपायुक्त, सहायक आयुक्त और विभागीय प्रमुख स्वयं फील्ड में उतरेंगे और करदाताओं से सीधा संवाद करेंगे। ढिलाई बरतने वालों पर कार्रवाई होगी। यह बातें निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने समीक्षा बैठक के दौरान कहीं ।

दरअसल शहर के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने और विकास कार्यों को रफ्तार देने के उद्देश्य से उन्होंने राजस्व वसूली के लिए मिशन मोड में काम शुरू कर दिया है। वित्तीय वर्ष की समाप्ति से पहले लक्ष्य को न केवल हासिल करने, बल्कि उसे पार करने के लिए निगम के पूरे अमले को मैदान में उतार दिया है। निगमायुक्त श्री अहिरवार ने समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को राजस्व वसूली का लक्ष्य पूरा करने अल्टीमेटम दिया है। इसके साथ ही भवन, बाजार, कॉलोनी सेल, स्वास्थ्य और जल विभाग के कार्यों की भी गहन समीक्षा की गई। बाजार विभाग के अधिकारियों को भी कार्यों में तेजी लाने और व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करते हुए राजस्व वृद्धि के सख्त निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने कहा कि करदाताओं द्वारा दिया गया कर सीधे शहर की स्वच्छता, सडक़ों और बेहतर जल आपूर्ति जैसे कार्यों में लगाया जाता है। अधिकारियों का घर-घर पहुंचना करदाताओं की समस्याओं को सुनने और उनके समाधान का भी एक जरिया बनेगा। निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने सभी करदाताओं से अपील की है, कि अपने बकाया करों का भुगतान समय पर करें और निगम की अप्रिय कार्रवाई से बचें। उन्होंने बताया कि अब मात्र अधिभार रहित बकाया करों की राशि जमा करने के लिए आप सभी करदाताओं के पास 10 दिन शेष हैं। बैठक में सभी अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Next Post

मृत डॉक्टर के नंबर से मैसेज, मचा हडक़ंप, साइबर क्राइम में शिकायत दर्ज

Sun Mar 22 , 2026
जबलपुर: मदनमहल थाना अंतर्गत राइट टाउन में रहने वाली एक 81 वर्षीय महिला डॉक्टर की प्रॉपर्टी विवाद के बाद हुई मौत के बाद उनके मोबाइल नंबर से मेडिकल कॉलेज की डॉक्टर को अपशब्दों भरा मैसेज पहुंचा जिसके बाद हडक़ंप मच गया है। मामले की शिकायत साइबर क्राइम में की गई […]

You May Like