शादी से पहले पार्टनर से जरूर करें करियर पर बात

शादी सिर्फ दो लोगों का साथ आना नहीं, बल्कि दो अलग-अलग करियर, सपनों और जिम्मेदारियों को साथ लेकर आगे बढ़ने का फैसला भी है। कई बार शादी के बाद यह सवाल खड़ा हो जाता है कि किसकी नौकरी को प्राथमिकता मिलेगी, किसे दूसरे शहर जाना होगा और परिवार की जिम्मेदारियों के बीच किसका करियर प्रभावित होगा। इन सवालों पर शादी से पहले बात नहीं होती तो बाद में यही मुद्दे रिश्ते में तनाव की वजह बन सकते हैं।इसलिए शादी से पहले पार्टनर के साथ करियर और भविष्य की योजनाओं पर खुलकर चर्चा करना जरूरी है। जरूरी नहीं कि हर बात का अंतिम फैसला उसी समय हो जाए, लेकिन दोनों को यह जरूर पता होना चाहिए कि किसी बदलाव की स्थिति में वे एक-दूसरे का साथ कैसे देंगे।

1. शहर बदलना पड़े तो क्या होगा?

मान लीजिए एक पार्टनर की नौकरी पुणे में है और दूसरे का कारोबार सतना में। ऐसे में शादी के बाद किस शहर में रहेंगे, यह सवाल अहम हो जाता है। दोनों मिलकर तय कर सकते हैं कि कुछ समय तक अलग-अलग शहरों में रहेंगे, रिमोट या हाइब्रिड काम की संभावना तलाशेंगे या किसी एक के शहर में शिफ्ट होंगे। फैसला जो भी हो, उसकी समय-सीमा और समीक्षा का वक्त पहले तय करना बेहतर है।

2. नौकरी छोड़नी या बदलनी पड़े तो?

तबादले, नई नौकरी या कारोबार की जरूरत के कारण किसी एक को नौकरी छोड़नी पड़ सकती है। ऐसे में पहले ही बात करें कि किस परिस्थिति में कौन यह फैसला लेगा। क्या एक पार्टनर दूसरे के साथ नए शहर जाएगा? नौकरी छोड़ने की स्थिति में दोबारा काम तलाशने के लिए कितना समय मिलेगा? इन सवालों पर सहमति जरूरी है।

3. लंबी दूरी का रिश्ता कितने समय तक चलेगा?

अगर दोनों अलग-अलग शहरों में काम कर रहे हैं तो यह भी तय करें कि यह व्यवस्था कितने समय तक रहेगी। महीने में कितनी बार मुलाकात होगी, यात्रा का खर्च कौन उठाएगा और साथ रहने की योजना कब बनेगी। बिना समय-सीमा के लंबी दूरी का रिश्ता मुश्किल हो सकता है।

4. आर्थिक जिम्मेदारी कैसे बंटेगी?

अगर एक की आय कम हो जाए या नौकरी चली जाए तो घर का खर्च कैसे चलेगा? कितनी बचत और आपातकालीन निधि रखी जाएगी? आर्थिक निर्भरता किस स्तर तक होगी? इन बातों पर पहले चर्चा करने से मुश्किल वक्त में विवाद की आशंका कम होती है।

5. दोनों के करियर को मिले बराबर महत्व

हर बार एक ही व्यक्ति का करियर प्राथमिकता में रहे, यह जरूरी नहीं। दोनों तय कर सकते हैं कि किसी समय एक के करियर को प्राथमिकता मिलेगी तो अगली बार दूसरे के अवसरों को महत्व दिया जाएगा। इससे किसी एक को लगातार समझौता करने का एहसास नहीं होगा।

6. बच्चे और परिवार की जिम्मेदारी किसकी होगी?

बच्चे होने के बाद छुट्टी, देखभाल, स्कूल और घर के कामों की जिम्मेदारी कैसे बंटेगी, इस पर भी बात करें। इसी तरह माता-पिता और सास-ससुर की देखभाल में दोनों की भूमिका क्या होगी, यह स्पष्ट होना चाहिए। घरेलू जिम्मेदारियों को सिर्फ एक व्यक्ति का काम मानना करियर पर असर डाल सकता है।

7. परिवार की अपेक्षाओं को समझें

कामकाजी बहू या दामाद से परिवार की क्या अपेक्षाएं हैं? क्या नौकरी के लिए दूसरे शहर जाने पर परिवार सहयोग करेगा? घर के काम और बड़ों की देखभाल में परिवार कितना साथ देगा? इन मुद्दों पर शादी से पहले बात करने से भविष्य की गलतफहमियां कम हो सकती हैं।

इन सवालों के जवाब भी पहले तलाशें

  • अगर एक पार्टनर को दूसरे शहर में बेहतर अवसर मिले तो क्या करेंगे?
  • किसकी नौकरी पर कितनी आर्थिक निर्भरता रहेगी?
  • काम से ब्रेक लेना पड़े तो खर्च और जिम्मेदारी कैसे बंटेगी?
  • करियर से जुड़े फैसलों की समीक्षा कितने समय बाद करेंगे?
  • क्या दोनों को अपने पेशेवर सपने पूरे करने के लिए बराबर अवसर मिलेंगे?

समझौता नहीं, आपसी वादा है जरूरी

करियर को लेकर किया गया हर फैसला लिखित समझौता नहीं होता, लेकिन यह एक-दूसरे से किया गया वादा जरूर है। शादी से पहले इन मुद्दों पर खुलकर बातचीत करने वाले जोड़े भविष्य की चुनौतियों का सामना बेहतर तरीके से कर सकते हैं। जरूरी नहीं कि हर योजना के मुताबिक ही सब कुछ हो, लेकिन दोनों के बीच स्पष्टता और सहयोग हो तो किसी एक को अपने सपनों और रिश्ते में से किसी एक को चुनने की नौबत नहीं आती।शादी के बाद किसका काम, किसका शहर और किसकी तरक्की पहले होगी, यह सवाल रिश्ते में तनाव की वजह न बने, इसके लिए बातचीत अभी से शुरू करना समझदारी है।

drishti

Next Post

ल्प: वीरांगना झलकारी बाई को किया नमन, प्रतिमा स्थापना और कबीर भवन निर्माण की मिलेगी सौगात

Sun Nov 29 , 2026
रीवा, 29 नवम्बर, 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम की वीरांगना झलकारी बाई कोरी की जन्मजयंती के अवसर पर रीवा में भव्य रोड शो, रैली और समारोह का आयोजन किया गया. अखिल भारतीय कोरी समाज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मध्य प्रदेश शासन के उपमुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने मुख्य […]

You May Like