
मुंबई, 29 नवंबर (वार्ता) सूरज आर. बड़जात्या की फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ को दर्शकों का अच्छा प्रतिसाद मिल रहा है। फिल्म देखने के लिए बड़ी संख्या में परिवार सिनेमाघरों का रुख कर रहे हैं। खासकर शाम के शोज में दर्शकों की मौजूदगी बढ़ने और टिकट खिड़की पर बुकिंग में तेजी आने की खबर है।ट्रेड से जुड़े सूत्रों के अनुसार, फिल्म को देखने के लिए पहले से टिकट बुक कराने वाले दर्शकों के साथ-साथ सिनेमाघरों में पहुंचकर टिकट खरीदने वालों की संख्या भी बढ़ रही है। खास बात यह है कि कई परिवार रिलीज के पहले ही दिन फिल्म देखने पहुंच रहे हैं। यह रुझान फिल्म के पारिवारिक मनोरंजन के स्वरूप को दर्शाता है।
एक्शन और बड़े बजट की फिल्मों के बीच ‘ये प्रेम मोल लिया’ ने पारिवारिक मनोरंजन के जरिए अपनी अलग पहचान बनाने की कोशिश की है। फिल्म में प्यार, संगीत, हास्य और पारिवारिक रिश्तों की भावनाओं को प्रमुखता दी गई है। इसमें माता-पिता से लेकर बच्चों और बुजुर्गों तक के लिए एक साथ बैठकर देखने लायक मनोरंजन पेश किया गया है।
राजश्री प्रोडक्शंस की फिल्मों की पहचान हमेशा से पारिवारिक मूल्यों, रिश्तों और भावनात्मक कहानियों के लिए रही है। निर्देशक सूरज बड़जात्या ने इस फिल्म के जरिए एक बार फिर इसी परंपरा को आगे बढ़ाया है। आयुष्मान खुराना और शरवरी की मुख्य भूमिका वाली इस फिल्म में अनुपम खेर, सुप्रिया पाठक और सीमा पाहवा जैसे अनुभवी कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं।
