Soft Bajra Roti Tips: बाजरे की रोटी बनेगी एकदम नरम और मुलायम, आटा गूंथने से लेकर सेंकने तक ध्यान रखें ये बातें

Soft Bajra Roti Recipe: सर्दियों में बाजरे की रोटी बनाते समय सख्त या टूटने लगती है। जानिए आटा गूंथने, रोटी बेलने और सेंकने का ऐसा आसान तरीका, जिससे बाजरे की रोटी लंबे समय तक नरम रहती है।

सर्दियों में कई तरह की सब्जियां और कई तरह की रोटियां व परांठे खाए जाते हैं। बाजरे की रोटी भी इनमें से एक है। बाजरे की रोटी को गुड़, सफेद मक्खन, लहसुन की चटनी या सरसों के साग के साथ खाने का स्वाद ही अलग होता है।

बाजरा फाइबर और कई पोषक तत्वों से भरपूर होता है। हालांकि, गेहूं की रोटी के मुकाबले बाजरे की रोटी बनाना थोड़ा मुश्किल होता है। कई बार रोटी उठाते ही टूटने लगती है और कई बार तवे पर डालते ही टूटने लगती है या पकने के बाद इतनी सख्त हो जाती है कि खाने में अच्छी नहीं लगती है।

कुछ छोटी-छोटी बातों का ध्यान रखकर सॉफ्ट बाजरे की रोटी बना सकते हैं-

गुनगुने पानी से गूंथें आटा
बाजरे की रोटी नरम बनाने का सबसे पहला तरीका है कि आटा गूंथने के लिए हल्के गुनगुने पानी का इस्तेमाल करें। ठंडे पानी से आटा गूंथने पर यह ठीक से बंध नहीं पाता। आटे में थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालते हुए इसे गूंथें। ध्यान रखें कि आटा न ज्यादा सख्त हो और न ही बहुत ढीला।

आटा गूंथने के तुरंत बाद बनाएं रोटी
बाजरे के आटे में ग्लूटेन नहीं होता, इसलिए यह गेहूं के आटे की तरह लचीला नहीं बनता। आटा गूंथने के बाद इसे बहुत देर तक खुला न छोड़ें। जरूरत के हिसाब से आटा गूंथें और ताजी लोई बनाकर रोटी तैयार करें।

हथेलियों से थपथपाकर बनाएं रोटी
ग्लूटेन फ्री आटे को बेलन से बेलना मुश्किल होता है। बाजरे की रोटी को बेलने के लिए हथेलियों को हल्का गीला करें और लोई को धीरे-धीरे थपथपाकर गोल आकार दें। आप चाहें तो दो प्लास्टिक शीट या बटर पेपर के बीच रखकर भी रोटी तैयार कर सकती हैं।

तवे का तापमान रखें सही
रोटी को बहुत तेज आंच पर सेंकने से वह बाहर से जल्दी पकती है और अंदर से कच्ची रह जाती है। इसके लिए तवे को पहले गर्म करें और फिर मध्यम आंच पर रोटी को दोनों तरफ से सेंकें। रोटी को कपड़े से दबा-दबाकर सेंके।

पकने के बाद कपड़े में रखें
रोटी तवे से उतारने के बाद उसे खुला न छोड़ें। किसी साफ सूती कपड़े में लपेटकर ढक दें या ढक्कन वाले बर्तन में रखें। इससे रोटी की भाप से नमी बनी रहती है और वह जल्दी सख्त नहीं होती।

बाजरे की रोटी बनाने के लिए सामग्री
एक कप बाजरे का आटा, गुनगुना पानी, स्वादानुसार नमक और सेंकने के लिए थोड़ा घी।

बाजरे की रोटी बनाने का तरीका
एक परात में बाजरे का आटा लें और उसमें थोड़ा-थोड़ा गुनगुना पानी डालें। हाथों से अच्छी तरह गूंथकर नरम और चिकना आटा तैयार करें। आटे की छोटी लोई बनाएं और हथेलियों की मदद से थपथपाते हुए धीरे-धीरे गोल रोटी तैयार करें। गर्म तवे पर रोटी डालें और एक तरफ हल्की सिकाई होने पर पलट दें। दोनों तरफ से अच्छी तरह सेंक लें। इस पर थोड़ा घी लगाएं। तैयार रोटी को साफ कपड़े में लपेटकर रखें, ताकि वह नरम बनी रहे।

Next Post

ठंड में घर पर बनाएं गार्लिक-कोरिएंडर सूप, रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने की आसान रेसिपी

Sun Nov 29 , 2026
Garlic Soup Recipe: सर्दियों में घर पर बनाएं गर्मागर्म गार्लिक-कॉरिएंडर सूप। जानिए लहसुन, हरे धनिये और ताजी सब्जियों से रेस्टोरेंट जैसा स्वाद पाने की आसान रेसिपी। Garlic Coriander Soup Recipe: सर्दियों में गर्मागर्म सूप पीने का मजा ही अलग होता है। ठंड के मौसम में अगर आप रोजाना टमाटर या […]

You May Like