दुबई, दुबई कॉन्सर्ट में आतिफ असलम ने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज के गाने पर अपनी परफॉमेंस दी।
शुक्रवार, 27 नवंबर को दुबई के कोका-कोला एरिना में आतिफ असलम के लाइव शो की तस्वीरें और छोटे वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा हैं। परफॉर्मेंस के दौरान आतिफ असलम ने रणवीर सिंह की फिल्म धुरंधर: द रिवेंज का गाना जान से गुजरते हैं गाया, जिसने वहां मौजूद लोगों के साथ-साथ ऑनलाइन फैंस का भी ध्यान खींचा।
पुराने क्लासिक सॉन्ग से कैसे जुड़ा यह नया ट्रैक
जिस सॉन्ग को आज धुरंधर से जोड़कर देखा जा रहा है, उसकी जड़ें काफी पुरानी हैं। बता दें कि इसका मूल रूप दिल पे ज़ख्म खाते हैं नाम से जाना जाता है, जिसे फेमस कव्वाली सिंगर नुसरत फतेह अली खान ने साल 1977 में गाया था।
समय के साथ यह म्यूजिक के शौकीनों के बीच एक खास पहचान रखती रही। बाद में रणवीर सिंह फिल्म धुरंधर: द रिवेंज के लिए इसे जान से गुज़रते हैं के रूप में नए सिरे से तैयार किया गया। इस नए गाने में खान साब और शाश्वत सचदेव ने अपनी आवाज दी, जिससे यह पुराना गीत आज के श्रोताओं की नई पीढ़ी तक भी पहुंच सका।
पाकिस्तानी कंटेंट विवाद के बीच आतिफ की परफॉर्मेंस
दुबई में हुई इस परफॉमेंस का महत्व इसलिए भी बढ़ गया क्योंकि यह भारत में पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर चल रही बहस के बीच सामने आई। हाल ही में सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने नेटफ्लिक्स को पाकिस्तानी कंटेंट को लेकर अपने पुराने रुख की याद दिलाई है।
यह स्थिति तब बनी जब ऑल इंडियन सिने वर्कर्स एसोसिएशन और फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज जैसे फिल्म संगठनों ने नाराजगी जताई थी। इन संगठनों ने फवाद खान और माहिरा खान की अहम भूमिका वाली आने वाली पाकिस्तानी सीरीज ‘जो बचे हैं संग समेट लो’ को भारत में रिलीज होने से रोकने की मांग की है।
शूटिंग रोकने की चेतावनी ने बढ़ाया विवाद
फिल्म संगठनों का रुख काफी कड़ा नजर आया है। फेडरेशन ऑफ वेस्टर्न इंडिया सिने एम्प्लॉइज के अध्यक्ष बीएन तिवारी ने बताया कि सरकार ने पिछले साल भारत के स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्मों को पाकिस्तानी कंटेंट न दिखाने का निर्देश दिया था।
उनके अनुसार इसके बाद भी इस सीरीज का प्रोमो जारी किया गया है और इसके जल्द आने की बात कही जा रही है। उन्होंने यह भी कहा कि चूंकि इसका नियंत्रण और प्रसारण अमेरिका से होता है, इसलिए वे इसे सीधे रोक नहीं पा रहे, लेकिन यदि यह 4 दिसंबर को रिलीज होती है तो 5 दिसंबर से भारत में नेटफ्लिक्स की शूटिंग नहीं होने दी जाएगी।
आतिफ के वायरल क्लिप ने छेड़ा विवाद
एक तरफ भारत में कंटेंट को लेकर तनाव और चेतावनियां चल रही हैं, वहीं दूसरी ओर दुबई शो से सामने आए इस वीडियो ने लोगों को एक अलग ही सीन दिखाया।
सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप में दर्शकों के रिएक्शन और इस अनपेक्षित संगीतमय मेल ने लोगों को सोचने पर मजबूर किया कि कला और म्यूजिक की चर्चाएं अक्सर सीमाओं और विवादों से आगे निकल जाती हैं।
फिलहाल दुबई के इस कॉन्सर्ट की झलकियां और इससे जुड़ी बहस दोनों ही इंटरनेट पर चर्चा का हिस्सा बनी हुई हैं।
