नयी दिल्ली 22 सितम्बर (वार्ता) नौसेना प्रमुख एडमिरल दिनेश के. त्रिपाठी श्रीलंका के शीर्ष सैन्य नेतृत्व और वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ रक्षा क्षेत्र में सहयोग से जुड़े विषयों पर चर्चा के लिए श्रीलंका की चार दिन की आधिकारिक यात्रा पर हैं।
रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यहां बताया कि एडमिरल त्रिपाठी श्रीलंका की प्रधानमंत्री डॉ. हरिनी अमरसूर्या और नौसेना कमांडर वाइस एडमिरल कंचना बानागोड़ा से मुलाकात करेंगे। वह रक्षा सहयोग से जुड़े मामलों पर तीनों सेनाओं के प्रमुखों और अन्य वरिष्ठ सरकारी अधिकारियों के साथ भी द्विपक्षीय चर्चा करेंगे। इस दौरान समुद्री सुरक्षा, क्षमता संवर्धन, प्रशिक्षण और सहयोग को मजबूत करने की संभावनाओं का पता लगाने पर जोर दिया जाएगा।
वह ‘बदलती परिस्थितियों में हिंद महासागर का समुद्री परिदृश्य’ विषय पर कोलंबो में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय समुद्री सम्मेलन- ‘गाले डायलॉग 2025’ के 12वें संस्करण में भी भाग लेंगे।
भारतीय नौसेना वार्षिक रक्षा वार्ता, स्टाफ वार्ता और संवाद के अन्य माध्यमों से श्रीलंकाई नौसेना के साथ नियमित रूप से संपर्क में रहती है जिसमें श्रीलंका-भारत नौसेना अभ्यास, पैसेज अभ्यास, प्रशिक्षण और हाइड्रोग्राफी आदान-प्रदान शामिल हैं। इसके अलावा दोनों नौसेनाएं नियमित रूप से हिंद महासागर नौसेना संगोष्ठी, गाले संवाद, मिलन, गोवा समुद्री सम्मेलन, संगोष्ठी और कोलंबो सुरक्षा सम्मेलन जैसे बहुपक्षीय कार्यक्रमों में भाग लेती हैं।
श्रीलंका में नौसेना प्रमुख के कार्यक्रम दोनों देशों की मैत्री को पुख्ता करने तथा ‘महासागर’ के दृष्टिकोण के अनुरूप साझा रणनीतिक और समुद्री हितों के मुख्य क्षेत्रों में बेहतर समझ का मार्ग प्रशस्त करने के उद्देश्य से आयोजित किये गये हैं। यह यात्रा भारत-श्रीलंका संबंधों की पुष्टि करती है जो पारस्परिक सम्मान, समुद्री विश्वास और हिंद महासागर क्षेत्र में शांति एवं स्थिरता के साझा दृष्टिकोण पर आधारित हैं।
