ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं की कार्रवाई संयमित लेकिन निर्णायक रही: राजनाथ

नयी दिल्ली 22 सितम्बर (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि पहलगाम हमले के दोषियों और उनके आकाओं को सबक सिखाने के लिए मिली खुली छूट के बावजूद भारतीय सशस्त्र बलों ने दृढ़ लेकिन संयमित दृष्टिकोण अपनाते हुए नपी-तुली और निर्णायक कार्रवाई की। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यहां बताया कि दो दिन की यात्रा पर रविवार को मोरक्को पहुंचे श्री सिंह ने रबात में भारतीय समुदाय के लोगों से बातचीत की। भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए उन्होंने दोहराया कि पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर कायरतापूर्ण हमले का जवाब देने के लिए सशस्त्र बलों को पूरी आजादी दी गई थी। देश के दृढ़ लेकिन संयमित दृष्टिकोण का वर्णन करने के लिए रामचरितमानस का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि भारत की कार्रवाई सोची-समझी और आक्रामक नहीं थी। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों ने धर्म पूछकर निर्दोष लोगों की निर्मम हत्या की लेकिन भारतीय सेनाओं ने धर्म देख कर नहीं, कर्म देख कर आतंकवादियों को मारा। भारतीय समुदाय के लोगों ने भी ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सशस्त्र बलों की निर्णायक कार्रवाई की सराहना की।

बातचीत के दौरान रक्षा मंत्री ने पिछले एक दशक में भारत में बहुआयामी क्षेत्र में हुई प्रगति पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वैश्विक और भू-राजनीतिक चुनौतियों के बावजूद भारत दुनिया की 11वीं से चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन गया है और जल्द ही शीर्ष तीन में शामिल होने वाला है।

रक्षा मंत्री ने भारत के डिजिटल परिवर्तन, ज्ञान अर्थव्यवस्था में तेज़ प्रगति और एक दशक पहले 18 यूनिकॉर्न से 118 तक स्टार्टअप की संख्या में हुई वृद्धि का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत के रक्षा उद्योग ने डेढ लाख करोड़ रुपये के उत्पादन और 100 से अधिक देशों को 23,000 करोड़ रुपये से अधिक के रक्षा निर्यात की उपलब्धि हासिल की है। श्री सिंह ने भारतीय समुदाय की कड़ी मेहनत, समर्पण और ईमानदारी की प्रशंसा की। उन्होंने विश्व धर्म संसद में स्वामी विवेकानंद के शब्दों को याद करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में, चरित्र ही व्यक्ति की असली पहचान है। भारतीय समुदाय ने मजबूत आर्थिक नींव और बढ़ती सैन्य शक्ति में निहित भारत की वैश्विक भूमिका पर गर्व व्यक्त किया।

 

 

Next Post

जीएसटी संरचना में व्यापक बदलाव रोजमर्रा के खर्चों को काफी कम कर देंगे: शाह

Mon Sep 22 , 2025
नयी दिल्ली, 22 सितंबर (वार्ता) केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने वस्तु एवं सेवाकर (जीएसटी) की दरों में किये गये बदलाव को अगली पीढ़ी के लिए सुधार बताते हुये इसे गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं को सशक्त बनाने के मोदी सरकार के मिशन में एक ऐतिहासिक कदम करार दिया है। […]

You May Like