दुबई में हुआ इंटरकांटिनेंटल लेजेंड्स चैंपियनशिप ट्रॉफी का अनावरण

दुबई, 8 फरवरी (वार्ता) दुबई में आयोजित एक भव्य समारोह में इंटरकांटिनेंटल लेजेंड्स चैंपियनशिप (आईएलसी) ट्रॉफी का अनावरण किया गया।

 

चैंपियनशिप तीन से 12 मार्च 2025 तक देहरादून के राजीव गांधी इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेली जायेगी, जिसमे अलग-अलग महाद्वीपों से छह टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें अफ्रीका लायंस, अमेरिकन स्ट्राइकर्स, एशियन एवेंजर्स, यूरो ग्लैडीएटर्स, कैरेबियन हरिकेन्स और ट्रांस टाइटन्स शामिल हैं।

 

ट्रॉफी के अनावरण समारोह का आयोजन लीग के आधिकारिक प्रबंधक 100 स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया गया। समारोह के दौरान उमेश कुमार, विधायक (खानपुर, उत्तराखंड) आईएलसी के सीईओ प्रदीप सांगवान, दक्षिण अफ्रीका के पूर्व बल्लेबाज व आईएलसी के प्रमोटर हर्शेल गिब्स, पूर्व भारतीय क्रिकेटर मुनाफ पटेल और 100 स्पोर्ट्स मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक रविंद्र भाटी उपस्थित रहे।

 

प्रदीप सांगवान ने कहा ,“ यह लीग सिर्फ एक टूर्नामेंट नहीं, बल्कि दुनिया भर के खेल प्रेमियों को एक मंच से जोड़ने का माध्यम है। भारत से शुरू होकर दुनिया भर के विभिन्न महाद्वीपों में यात्रा करने वाली यह लीग कई मायनों में खास है। इसका दृष्टिकोण खिलाड़ियों के बीच प्रतिस्पर्धी भावना की एक नई अलख जगाएगा।”

 

हर्शेल गिब्स ने कहा “ इंटरकांटिनेंटल बाकी लीगों से इसलिए भी अलग है, क्योंकि इसमें कई महाद्वीपों को शामिल किया गया है, और यही बात इसे और भी प्रतिस्पर्धी बनाती है। इसमें आपका हर उस भावना से साक्षात्कार होगा, जो अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देखने को मिलती है। भले ही यह लेजेंड्स क्रिकेट है, लेकिन एक चीज जो खेल से कभी नहीं जाती, वह है प्रतिस्पर्धा और मुझे विश्वास है कि इस लीग में दर्शकों को एक उच्च स्तरीय क्रिकेट देखने को मिलेगा।”

Next Post

शुरू हुई एथलेटिक्स प्रतियोगिता, पहले सत्र में हुए 10,000 मीटर फाइनल

Sat Feb 8 , 2025
देहरादून, 08, फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड में चल रहे 38वें राष्ट्रीय खेल में शनिवार को पहले दिन एथलेटिक्स स्पर्धाओं की शुरुआत हुई। सुबह के सत्र में पुरुषों और महिलाओं की 10,000 मीटर दौड़ के फाइनल मुकाबले खेले गए, जिसमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया।   पुरुषों की 10,000 मीटर दौड़ में […]

You May Like