मुंबई, 10 अक्टूबर (वार्ता) बॉलीवुड अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की ‘द लिव लव लाफ फाउंडेशन’ ने विश्व मानसिक स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर अपनी चैरिटी पहल ‘दीपिका पादुकोण क्लोसेट’ के तहत ‘फीचर्ड क्लोसेट्स’ की शुरुआत की है। इस पहल की पहली अतिथि ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु बनी हैं। इसके माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे जुड़ी पहलों के लिए संसाधन जुटाए जाएंगे। ‘फीचर्ड क्लोसेट्स’ के तहत विभिन्न क्षेत्रों की प्रेरणादायक हस्तियां अपने निजी वॉर्डरोब से कपड़े और अन्य सामान चैरिटी बिक्री के लिए उपलब्ध कराएंगी। इस पहल का उद्देश्य मानसिक स्वास्थ्य पर खुलकर बातचीत को प्रोत्साहित करना और जरूरतमंद लोगों के लिए सहयोग जुटाना है।
दीपिका पादुकोण ने कहा कि पहली फीचर्ड क्लोसेट के लिए पीवी सिंधु के साथ काम करना उनके लिए खास है। उन्होंने सिंधु की शालीनता, साहस और वास्तविक व्यक्तित्व की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे समय में, जब लोगों से बिना संघर्ष दिखाए मजबूत बने रहने की अपेक्षा की जाती है, मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता के लिए सिंधु का समर्थन महत्वपूर्ण है। पीवी सिंधु ने कहा कि खिलाड़ियों को अक्सर मानसिक रूप से मजबूत माना जाता है, लेकिन उनके लिए उन पलों के बारे में बात करना भी जरूरी है, जब वे मुश्किलों का सामना कर रहे होते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह पहल लोगों को अपनी भावनाएं खुलकर व्यक्त करने, दूसरों को समझने और मानसिक स्वास्थ्य संबंधी चुनौतियों से जूझ रहे लोगों का साथ देने के लिए प्रेरित करेगी। फाउंडेशन के अनुसार, इस पहल के तहत प्रत्येक वस्तु की बिक्री से प्राप्त राशि का उपयोग मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने और इससे संबंधित सहयोगात्मक कार्यक्रमों के लिए किया जाएगा।

