सोहागपुर। विगत कुछ दिनों से नगर के विभिन्न वार्डों में जल संकट की स्थिति बनी हुई है जहां देश में रसोई गैस की कमी के कारण संकट छाया हुआ है वहीं शहर में इसके साथ-साथ जलापूर्ति बाधित होने के कारण भी लोग परेशान हैं। दरअसल कुछ वर्षों से सेंट्रल इंडिया कंपनी द्वारा संचालित नर्मदा जल परियोजना के तहत शहर के लगभग सभी वार्डों में नर्मदा जल सप्लाई से जलापूर्ति की जाती है। लेकिन वर्तमान में शहर में नर्मदा जल सप्लाई बाधित है जिसका कारण ग्राम ईशरपुर में ट्रांसफार्मर की विद्युत केबल एवं अन्य विद्युत उपकरण खराब होना बताया जा रहा है। सूत्र तो यहां तक बताते हैं कि पर्याप्त अर्थ की कमी के कारण खराब विद्युत उपकरणों का मरम्मत कार्य भी नहीं कराया जा रहा है। नर्मदा जल सप्लाई बाधित होने के कारण समूचे शहर में पानी को लेकर हाहाकार मचा हुआ है। इसी बीच नगर परिषद ने जलापूर्ति के लिए पुरानी टंकियां एवं वाटर पंप हाउस के माध्यम से पुरानी जल प्रदाय की व्यवस्था से जलापूर्ति शुरू कराई है। इसके अतिरिक्त जहां पानी नहीं पहुंच पा रहा है उन इलाकों में पानी के टैंकर पहुंच कर भी नगर परिषद पानी की व्यवस्था बनाने के प्रयास कर रही है। टैंकर के पास पानी लेने वालों की भीड़ बता रही है कि जल संकट कितना गहरा हो चुका है। नप की लोक निर्माण शाखा की ओर से एच एल परते ने बताया कि जवाहर वार्ड , अंबेडकर वार्ड में चील घर के पास , बड़ी बंगाली कॉलोनी , रघुवंशीपुरा वार्ड , मारूपुरा वार्ड , अंजुमन कॉलोनी गांधी वार्ड एवं अन्य स्थानों पर पानी की सप्लाई टैंकरों के माध्यम से कराई जा रही है। मातापुर वार्ड पार्षद भास्कर कहानी बताया कि माता पुरा वार्ड के पंप हाउस की जो केवल जल गई थी उसे नगर परिषद द्वारा बदलवा दिया गया है जिसके कारण वार्ड में जल आपूर्ति सुचारू हो गई है। रामप्रसाद वार्ड पार्षद आशीष मालवीय ने बताया कि गुरुवार को वार्ड के एक पंप हाउस में नगर परिषद द्वारा मोटर डलवा दी गई है जिसके कारण हमारे क्षेत्र में भी पुरानी पाइपलाइन से वार्डवासियों को आज शुक्रवार से पर्याप्त पानी मिलेगा। सीएमओ धर्मेंद्र शर्मा ने बताया कि फिलहाल जल संकट निवारण के लिए पुरानी पाइपलाइन से जल प्रदाय की व्यवस्था बनाई गई है। कुछ वाटर पंप हाउस को भी शुरू कराया गया है। इसके अतिरिक्त पानी के टैंकर के माध्यम से भी लोगों को पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। यह स्थिति नर्मदा जल सप्लाई बाधित होने के कारण उत्पन्न हुई है। शीघ्र ही इस समस्या का स्थाई निराकरण कराया जाएगा।
इनका कहना है कि
शहर में नर्मदा जल सप्लाई सुचारु करने के लिए संबंधित ठेकेदार एवं कंपनी के अधिकारियों को नोटिस जारी किए गए हैं। नगर परिषद के द्वारा नर्मदा जल परियोजना हैंड ओवर लेकर आवश्यक सुधार कार्य करवाए जा रहे हैं। जिसमें लगने वाली राशि का समायोजन नर्मदा जल परियोजना को दी जाने वाली राशि में से कटौती कर किया जाएगा। शीघ्र ही शहर में नर्मदा जल परियोजना से जलापूर्ति सुचारू होगी।
