
मुंबई, 05 अक्टूबर (वार्ता) स्टार प्लस ने अपनी आगामी सुपरनैचुरल फैंटेसी गाथा ‘अप्सरा’ का पहला लुक जारी कर दिया है। समिक्षा जायसवाल और पारस कलनावत की मुख्य भूमिकाओं वाले इस शो का प्रसारण 21 अक्टूबर से रात 10.30 बजे स्टार प्लस और जियोहॉटस्टार पर होगा। शो का निर्माण मुक्ता धोंड ने किया है। इसमें अनुष्का मर्चेंडे, अदा खान, अविका गौर, मोना वासु और पूर्वा गोखले भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में नजर आएंगी।
समुद्र मंथन से अप्सराओं और अमृत की उत्पत्ति की पौराणिक कथा से प्रेरित ‘अप्सरा’ में अमृत के आज भी मौजूद होने और उसकी रक्षा की जिम्मेदारी अप्सराओं के पास होने की कहानी दिखाई गई है। बुरी ताकतों की नजर अमृत कलश पर है और उसे गलत हाथों में जाने से रोकने के लिए अप्सराओं को संघर्ष करना होगा। शो में समिक्षा जायसवाल सुनहरी की भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि एक ऐसी अप्सरा का किरदार निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक है, जिसकी पहचान केवल उसकी सुंदरता तक सीमित नहीं है। सुनहरी को बुरी ताकतों से अमृत की रक्षा करने के साथ-साथ अपने प्रियजनों को सुरक्षित रखने की जिम्मेदारी भी निभानी है।
समिक्षा ने कहा कि सुनहरी के साहस, भावनाओं और फैसलों से उसकी असली पहचान सामने आती है। वह डर और अपनों की चिंता के बावजूद हिम्मत जुटाकर आगे बढ़ती है और किसी नायक के आने का इंतजार नहीं करती, बल्कि खुद अपनी कहानी की नायिका बनती है।
