सूखती नदियां, बढ़ता प्रदूषण चिंताजनक

नदियों का संकट केवल पानी की कमी का नहीं, बल्कि देश के भविष्य और पर्यावरणीय संतुलन का भी है. एक ओर नदियों में पानी का प्राकृतिक प्रवाह लगातार कमजोर हो रहा है, दूसरी ओर प्रदूषण ने उनके अस्तित्व पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) गांधीनगर के शोधकर्ताओं का ताजा अध्ययन इस दोहरे संकट की भयावह तस्वीर सामने रखता है. अध्ययन के अनुसार, 1961 से 2021 के बीच देश की प्रमुख नदी घाटियों के लगभग 30 प्रतिशत निगरानी केंद्रों पर भूजल से मिलने वाले नदी प्रवाह यानी बेसफ्लो में भारी गिरावट दर्ज की गई है. यह चेतावनी है कि हमारी बारहमासी नदियां भी भविष्य में गर्मियों के दौरान पानी के लिए तरस सकती हैं.

शोध में 18 प्रमुख नदी घाटियों के 227 निगरानी केंद्रों के छह दशक के आंकड़ों का विश्लेषण किया गया. साबरमती, कावेरी, पेन्नार और दक्षिण तटीय नदी घाटियों में बेसफ्लो की गिरावट 30 प्रतिशत से अधिक पाई गई. गंगा, ब्रह्मपुत्र, नर्मदा, माही, महानदी और कृष्णा जैसी महत्वपूर्ण नदियों के अनेक केंद्रों पर भी 10 से 25 प्रतिशत तक कमी दर्ज की गई है. गंगा और ब्रह्मपुत्र जैसी नदियों के कुल वार्षिक प्रवाह में भूजल की हिस्सेदारी 60 से 70 प्रतिशत तक बताई गई है. ऐसे में भूजल का घटता स्तर नदियों के भविष्य के लिए गंभीर खतरे का संकेत है.

नदियों का जलस्तर घटने के पीछे कई कारण हैं. सिंचाई और औद्योगिक जरूरतों के लिए भूजल का अनियंत्रित दोहन, वर्षा के बदलते स्वरूप, मानसून के लंबे शुष्क अंतराल, वनों की कटाई और तेजी से बढ़ता शहरीकरण प्रमुख वजहें हैं. जमीन में बारिश का पानी समाने की प्राकृतिक प्रक्रिया बाधित हुई है. तालाब, कुएं और अन्य पारंपरिक जलस्रोत भी अतिक्रमण और उपेक्षा के शिकार हैं. नतीजा यह है कि बारिश का पानी बहकर निकल जाता है और भूजल का भंडार दोबारा भर नहीं पाता.

इस संकट को नदियों में बढ़ता प्रदूषण और गंभीर बना रहा है. शहरों का अनुपचारित सीवेज, औद्योगिक अपशिष्ट, रासायनिक उर्वरक, कीटनाशक और प्लास्टिक कचरा लगातार नदियों में पहुंच रहा है. गंगा और यमुना से लेकर नर्मदा, क्षिप्रा और देश की दूसरी नदियां भी इससे अछूती नहीं हैं. धार्मिक आस्था और सांस्कृतिक जीवन से जुड़ी नदियों की दुर्दशा चिंता का विषय है. नदियों में पानी कम होने से प्रदूषकों का घनत्व बढ़ता है और जल की गुणवत्ता और खराब होती है. इसका सीधा असर पेयजल, खेती, मछलियों और जलीय जीवों पर पड़ता है.

नदी संरक्षण को केवल सफाई अभियान या घाटों के सौंदर्यीकरण तक सीमित नहीं रखा जा सकता. इसके लिए भूजल दोहन पर नियंत्रण, वर्षा जल संचयन, जलग्रहण क्षेत्रों का संरक्षण और नदियों के प्राकृतिक प्रवाह को बनाए रखना जरूरी है. शहरों में सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट की क्षमता बढ़ाने के साथ यह सुनिश्चित करना होगा कि एक बूंद भी अनुपचारित गंदा पानी नदियों में न पहुंचे. औद्योगिक इकाइयों के अपशिष्ट पर भी सख्त निगरानी और नियमित कार्रवाई होनी चाहिए.

नदियां केवल जलधाराएं नहीं, बल्कि सभ्यता, अर्थव्यवस्था और जीवन का आधार हैं. उन्हें बचाने की जिम्मेदारी सरकारों के साथ समाज की भी है. विकास की दौड़ में यदि हमने नदियों को खो दिया तो आने वाली पीढिय़ों के सामने पानी का संकट और विकराल होगा. अब समय है कि नदी संरक्षण को सरकारी योजनाओं से आगे बढ़ाकर राष्ट्रीय प्राथमिकता बनाया जाए. नदियों में पानी भी बचे और उसकी शुद्धता भी, तभी जल सुरक्षा और पर्यावरण संरक्षण का लक्ष्य हासिल हो सकेगा.

 

 

Next Post

राशिफल-पंचांग: 26 नवंबर 2026

Thu Nov 26 , 2026
पंचांग 26 नवम्बर 2026:- रा.मि. 05 संवत् 2083 मार्गशीर्ष कृष्ण द्वितीया गुरूवासरे शाम 4/46, मृगशिरा नक्षत्रे रात 10/0, सिद्ध योगे दिन 11/58, गर करणे सू.उ. 6/41, सू.अ. 5/19, चन्द्रचार वृषभ दिन 10/49 से मिथुन, शु.रा. 3,5,6,9,10,1 अ.रा. 4,7,8,11,12,2 शुभांक- 5,7,1. —————————————————————— आज जिनका जन्म दिन है- गुरूवार 26 नवम्बर 2026 […]

You May Like