मुंबई, 25 नवंबर (वार्ता)अभिनेता जितेंद्र कुमार और अभिनेत्री प्रिया बापट अभिनीत मनोवैज्ञानिक थ्रिलर फिल्म ‘डालिंब’ का प्रीमियर 04 दिसंबर 2026 को विशेष रूप से हिंदी जी5 पर किया जाएगा। एलिप्सिस एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी इस फिल्म का निर्देशन प्रिया एवन ने किया है। फिल्म में जितेंद्र कुमार बिल्कुल नए अंदाज में नजर आएंगे, जबकि प्रिया बापट पुलिस अधिकारी की भूमिका निभा रही हैं। फिल्म का ट्रेलर जारी कर दिया गया है, जिसमें रहस्य, रोमांच और भावनात्मक उतार-चढ़ाव की झलक देखने को मिलती है। इसकी कहानी दो रहस्यमयी घटनाओं के इर्द-गिर्द बुनी गई है। इनमें एक बच्चे का लापता होना और मानसिक स्वास्थ्य केंद्र से एक व्यक्ति का फरार होना शामिल है। इन दोनों घटनाओं की जांच के दौरान कई ऐसे रहस्य सामने आते हैं, जो कहानी को लगातार नए मोड़ देते हैं।
मुंबई के एक उपनगरीय मध्यमवर्गीय इलाके की पृष्ठभूमि पर बनी ‘डालिंब’ उन अनकही सच्चाइयों को सामने लाती है, जो आम दिखने वाली जिंदगी के पीछे छिपी रहती हैं। फिल्म यह सवाल भी उठाती है कि हम अपने आसपास रहने वाले लोगों को वास्तव में कितना जानते हैं। डर, प्यार, अपनों को खोने का दर्द और अनिश्चितता कहानी को भावनात्मक गहराई प्रदान करते हैं। फिल्म की लेखिका एवं निर्देशक प्रिया एवन ने कहा कि ‘डालिंब’ के जरिए ऐसी दुनिया रचने की कोशिश की गई है, जहां रहस्य केवल जांच के माध्यम से नहीं, बल्कि किरदारों की भावनाओं, बेचैनी और अनिश्चितता के जरिए भी सामने आते हैं। उन्होंने बताया कि फिल्म की दृश्य शैली और ध्वनि पर विशेष ध्यान दिया गया है, जिससे दर्शकों की उत्सुकता आखिरी तक बनी रहे।

