
भोपाल। जनपद शिक्षा केंद्र फंदा पुराना शहर में आरटीई के तहत अशासकीय स्कूलों की सत्र 2024-25 की फीस प्रतिपूर्ति प्रक्रिया को लेकर 100 नोडल अधिकारियों का उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय हमीदिया गिन्नौरी में हुए प्रशिक्षण में अधिकारियों को ऑनलाइन फीस प्रतिपूर्ति प्रक्रिया की जानकारी दी गई। प्रशिक्षण श्रीमती अंतिमा सिंह, प्रकाश रघुवंशी, जन शिक्षक एवं संतोष कुमार सिंह, बीएसी ने दिया। बीआरसीसी सुरेंद्र सिंह रघुवंशी ने अधिकारियों को नियमों के अनुरूप निर्धारित समय सीमा में कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने अशासकीय स्कूलों को आवश्यक दस्तावेज व्यवस्थित रखने के लिए कहा, ताकि प्रतिपूर्ति प्रक्रिया सुचारू रूप से पूरी हो सके। कार्यक्रम में प्राचार्य श्रीमती सरला कश्यप सहित जनशिक्षक उपस्थित रहे।
