
मुंबई, 29 सितंबर (वार्ता) राजश्री प्रोडक्शंस की आगामी फिल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ का नया गरबा गीत ‘जय अम्बे बोल’ रिलीज हो गया है। हिमेश रेशमिया के संगीत से सजे इस गीत को श्रेया घोषाल ने आवाज दी है, जबकि इसके बोल मयूर पुरी ने लिखे हैं। आयुष्मान खुराना और शरवरी पर फिल्माया गया यह गीत नवरात्रि के उत्सवी माहौल, गरबा की ऊर्जा और रंग-बिरंगी सजावट से सजा है। शानदार कोरियोग्राफी के साथ गीत में दोनों कलाकारों की केमिस्ट्री भी देखने को मिलती है।
खास बात यह है कि ‘जय अम्बे बोल’ हिमेश रेशमिया के लंबे संगीत करियर का पहला गरबा कंपोजिशन है।
नवरात्रि के अवसर को ध्यान में रखते हुए तैयार किया गया यह गीत गरबा की पारंपरिक ऊर्जा और आधुनिक संगीत का मेल प्रस्तुत करता है। इससे पहले फिल्म का टाइटल ट्रैक ‘ये प्रेम मोल लिया’ रिलीज किया गया था, जिसमें आयुष्मान और शरवरी के किरदारों के बीच प्रेम, रिश्तों और पारिवारिक भावनाओं की झलक देखने को मिली थी। ‘जय अम्बे बोल’ के साथ फिल्म के संगीत में उत्सव और नवरात्रि का रंग जुड़ गया है। सूरज आर. बड़जात्या निर्देशित ‘ये प्रेम मोल लिया’ में आयुष्मान खुराना और शरवरी मुख्य भूमिकाओं में हैं। राजश्री प्रोडक्शंस (पी) लिमिटेड और महावीर जैन फिल्म्स प्रस्तुत यह फिल्म 27 नवंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
