शादी के 7 महीने बाद नवविवाहिता की संदिग्ध मौत, कुएं में मिला शव, पीहर पक्ष ने लगाए हत्या और दहेज प्रताडऩा के आरोप

नीमच। नीमच सिटी थाना क्षेत्र के ग्राम पिपलिया मिर्च में बुधवार को एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। 26 वर्षीय टीना पति बबलू बावरी का शव गांव के एक कुएं में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला की शादी महज सात महीने पहले हुई थी। घटना के बाद मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर दहेज की मांग को लेकर प्रताडि़त करने और हत्या कर शव कुएं में फेंकने के गंभीर आरोप लगाए हैं।

जानकारी के अनुसार टीना बुधवार सुबह अपने ससुराल स्थित घर से लापता हो गई थी। इसके बाद करीब 11 बजे परिजनों को उसके कुएं में डूबने से मौत होने की सूचना मिली। सूचना पर मनासा से पीहर पक्ष के परिजन गांव पहुंचे। पुलिस की मौजूदगी में महिला के शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया गया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।

दो दिन पहले 9 लाख रुपए मांगने का आरोप

मृतका के पिता ने आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को ससुराल में लगातार प्रताडि़त किया जा रहा था। यहां तक कि उसे अपने माता-पिता से फोन पर बातचीत तक नहीं करने दी जाती थी। पिता के मुताबिक घटना से महज दो दिन पहले ससुराल पक्ष के लोग पीहर पहुंचे थे और 9 लाख रुपए की मांग की थी। आरोप है कि रकम नहीं देने पर बेटी को वापस ले जाने और दो दिन बाद उसका चेहरा तक देखने जैसी धमकी दी गई थी।

पीहर पक्ष ने आशंका जताई कि टीना की मौत सामान्य रूप से कुएं में डूबने से नहीं हुई, बल्कि उसके साथ मारपीट कर हत्या करने के बाद शव कुएं में फेंका गया है। परिजनों ने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शुरू की जांच

नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत को लेकर नीमच सिटी थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दहेज प्रताडऩा और मौत से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है। फिलहाल पीहर पक्ष द्वारा लगाए गए आरोपों की जांच जारी है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही टीना की मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।

Next Post

राइफल से हवाई फायरिंग, वीडियो वायरल, जांच में जुटी पुलिस

Thu Nov 12 , 2026
जबलपुर। राइफल लहराते हुए हवाई फायरिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया । कानून व्यवस्था को ठेंगा दिखाने का यह वीडियो बरगी का बताया जा रहा है, जिसमें एक युवक बेखौफ होकर खुलेआम राइफल लहराता और हवाई फायरिंग करता नजर आ रहा है। पुलिस मामले की जांच में […]

You May Like