17 खिलाड़ी बने ‘अर्जुन’, कोई ‘खेल रत्न’ नहीं

नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने शुक्रवार को यहां राष्ट्रपति भवन में राष्ट्रीय खेल पुरस्कार समारोह में शतरंज खिलाड़ी दिव्या देशमुख और विदित गुजराती, एथलेटिक्स से तेजस्वी शंकर, बैडमिंटन से गायत्री गोपीचंद व त्रिशा जॉली, निशानेबाज अखिल श्योरण, हॉकी खिलाड़ी राजकुमार पाल, नौकायन खिलाड़ी अरविंद सिंह और निशानेबाज धनुष श्रीकांत सहित 17 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया। हालांकि इस बार किसी भी खिलाड़ी को देश के सर्वोच्च ‘खेल रत्न’ पुरस्कार के लिए नहीं चुना गया था।

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने समारोह में खेल एवं साहसिक पुरस्कार प्रदान किए। इन पुरस्कारों में द्रोणाचार्य पुरस्कार, 2025; अर्जुन पुरस्कार, 2025; तेनजिंग नोर्गे राष्ट्रीय साहसिक पुरस्कार, 2024 तथा राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार, 2025 शामिल हैं। द्रोणाचार्य पुरस्कार परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (मुक्केबाजी), नेहा चव्हाण (निशानेबाजी) को दिया गया जबकि द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) धर्मेंद्र यादव (मुक्केबाजी), वीरेंद्र कुमार (कुश्ती) को प्रदान किया गया ।

समारोह में केंद्रीय युवा मामले और खेल मंत्री मनसुख मांडविया और खेल सचिव हरि रंजन राव सहित अन्य लोग उपस्थित थे। उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश अरुण कुमार मिश्रा की अध्यक्षता वाली चयन समिति की सिफारिशों के पुनर्मूल्यांकन के बाद 17 अर्जुन पुरस्कार विजेताओं का चयन किया गया। इनमें कोई भी क्रिकेटर शामिल नहीं था। अर्जुन पुरस्कार विजेताओं को 15 लाख रुपये की पुरस्कार राशि मिलती है।

मोहम्मद शमी को 2023 में यह पुरस्कार मिलने के बाद किसी भी क्रिकेटर को यह पुरस्कार नहीं मिला है। इससे पहले 2014 में किसी खिलाड़ी को खेल रत्न पुरस्कार नहीं दिया गया था। वर्ष 2024 में रिकॉर्ड 32 खिलाड़ियों को अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित किया गया था, जिनमें से 17 पैरा खेलों से थे। इस बार पैरा खेलों से केवल दो नाम ही अंतिम सूची में शामिल थे।
पुरस्कार विजेताओं की सूची

अर्जुन पुरस्कार : तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका गोस्वामी (एथलेटिक्स), नरेंद्र (मुक्केबाजी), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (बधिर निशानेबाजी), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा निशानेबाजी), एकता भ्यान (पैरा एथलेटिक्स), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योरण (निशानेबाजी), त्रिशा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेम्सियामी (हॉकी), मुहम्मद अजमल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी)।
अर्जुन पुरस्कार (लाइफटाइम) : आई अरुमैनायगम (फुटबॉल)

द्रोणाचार्य पुरस्कार : परवीर सिंह (एथलेटिक्स), छोटे लाल यादव (मुक्केबाजी), नेहा चव्हाण (निशानेबाजी)

द्रोणाचार्य पुरस्कार (लाइफटाइम) : धर्मेंद्र यादव (मुक्केबाजी), वीरेंद्र कुमार (कुश्ती)।

इसके अलावा राष्ट्रीय खेल प्रोत्साहन पुरस्कार (जैसे पुणे स्थित ‘आर्मी पैरालंपिक नोड’) भी प्रदान किए गए।

Next Post

जाकिर नाइक के संगठन पर लगी पाबंदी पांच साल और बढ़ायी गयी, गृहमंत्रालय ने इसे आतंकवाद के खिलाफ मोदी सरकार की सख्ती बताया

Fri Nov 13 , 2026
नयी दिल्ली, 13 नवंबर (वार्ता) केंद्र सरकार ने विवादित धर्म-प्रचारक डॉ जाकिर अब्दुल करीम नाइक के संगठन इस्लामिक रिसर्च फाउंडेशन (आईआरएफ) पर गैर-कानूनी गतिविधियां निरोधक अधिनियम (यूएपीए) के तहत लागू पाबंदी को पांच साल के लिए बढ़ा दिया है। नाइक ने इस समय मलेशिया में अपना डेरा जमा रखा है। […]

You May Like