मुंबई,13 नवंबर (वार्ता)उपासना कामिनेनी कोनिडेला ने कामकाजी माताओं को आत्मनिर्भर बनाने और मातृत्व के बाद उन्हें दोबारा रोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से ‘आंध्र सेकंड करियर’ पहल शुरू करने का प्रस्ताव रखा है। इस पहल का लक्ष्य 10 हजार माताओं को फिर से नौकरी और कामकाजी दुनिया से जोड़ना है। सीआईआई आंध्र समिट में उपासना ने कहा कि महिलाओं के सपनों और करियर को मातृत्व जितना ही महत्व मिलना चाहिए। मां बनने के बाद किसी महिला को अपना करियर छोड़ने के लिए मजबूर नहीं होना चाहिए। इसके लिए महिलाओं को नए कौशल का प्रशिक्षण, काम के लचीले घंटे और बच्चों की देखभाल की सुविधाएं उपलब्ध कराई जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि भारत अपनी बेटियों को शिक्षित करता है और उनके सपनों को पूरा करने में मदद करता है, लेकिन मां बनने के बाद उनकी क्षमता और हुनर का पूरा इस्तेमाल नहीं हो पाता। यह केवल महिलाओं का नुकसान नहीं, बल्कि देश की अर्थव्यवस्था के लिए भी नुकसान है। इस पहल का उद्देश्य आंध्र प्रदेश को कामकाजी माताओं के लिए देश का सबसे सहयोगी राज्य बनाना है, जहां महिलाओं को परिवार, समाज और कार्यस्थल पर जरूरी सहयोग मिल सके।
उपासना ने डॉ. प्रताप सी. रेड्डी के ‘आत्मरक्षणम’ के सपने का उल्लेख करते हुए कहा कि बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं हर व्यक्ति तक पहुंचाने की सोच को आगे बढ़ाना जरूरी है। उपासना कामिनेनी कोनिडेला और नारा लोकेश इसी दृष्टिकोण को आगे बढ़ाते हुए आंध्र प्रदेश को स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े कुशल पेशेवरों को तैयार करने का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं।

