सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में किसान की तैयार हो रही धान की फसल को आग के हवाले करने का मामला सामने आया है। सरई थाना क्षेत्र के तिनगुड़ी पंचायत अंतर्गत कुकराव गांव में अज्ञात व्यक्ति ने किसान के खेत में खड़ी फसल में आग लगा दी। आग की चपेट में आकर आधे से अधिक फसल जलकर नष्ट हो गई। घटना से किसान को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, किसान राधेश्याम विश्वकर्मा के खेत में धान की फसल तैयार खड़ी थी। आरोप है कि बीती रात किसी अज्ञात व्यक्ति ने फसल में आग लगा दी। देखते ही देखते आग ने खेत के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया और आधे से अधिक फसल जलकर राख हो गई।
सालभर की मेहनत से तैयार की गई फसल बर्बाद होने से किसान परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। घटना के बाद गांव में नाराजगी है। किसान ने मामले की जांच कर आग लगाने वाले व्यक्ति की पहचान करने और उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
