माॅस्को, 08 जुलाई (वार्ता) रूस को शांति समझौते पर पहुंचने के लिए बैठक की संभावित तिथियों पर यूक्रेनी पक्ष से प्रस्ताव का इंतजार है।
क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेसकोव ने आज यह जानकारी दी।
रूस के सरकारी मीडिया ‘टास’ की एक रिपोर्ट के अनुसार श्री पेसकोव ने कहा, “जैसा कि राष्ट्रपति ने पिछले सप्ताह कहा था, हम संभावित तिथियों के लिए यूक्रेनी प्रस्ताव का इंतजार कर रहे हैं। जैसे ही तिथियों पर सहमति बन जाती है – और हमें उम्मीद है कि ऐसा हो जाएगा – हम घोषणा करेंगे।”
उन्होंने कहा कि जब तक यूक्रेन को यूरोपीय और अमेरिकी हथियारों की आपूर्ति जारी रहेगी, तब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हो सकता है। उन्होंने इसे शांति प्रस्ताव को बढ़ावा देने में सबसे बड़ी बाधा बताया। श्री पेसकोव ने कहा कि यह स्पष्ट है कि ये कार्रवाइयां (यूक्रेन को हथियारों की आपूर्ति) शांतिपूर्ण समाधान को बढ़ावा देने के प्रयासों की के विपरीत हैं। उन्होंने कहा,“ इस मामले में यूरोपीय लोगों ने जो रास्ता चुना है, उसका उद्देश्य हर संभव तरीके से सैन्य कार्रवाइयों को जारी रखना है।”
