इंदौर:देपालपुर तहसील के ग्राम कुनगारा में सोमवार सुबह रसोई में खाना बनाते समय हुए दर्दनाक हादसे में दो वर्षीय बच्ची की मौत हो गई. गैस की नली में आग लगने से मां की साड़ी चपेट में आई और देखते ही देखते पास बैठी बेटी भी झुलस गई. गंभीर हालत में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया, जबकि मां का इलाज जारी है.
ग्राम कुनगारा निवासी काजल चौहान पत्नी अनिल चौहान सुबह घर में खाना बना रही थी. इसी दौरान गैस की नली में आग लग गई और उसकी साड़ी ने आग पकड़ ली. काजल मूक बधिर होने के कारण मदद के लिए आवाज नहीं लगा सकी. उसने खेत पर काम कर रहे परिजन को वीडियो कॉल कर घटना की जानकारी दी. हादसे के बाद परिजन मौके पर पहुंचे और काजल व उसकी दो वर्षीय बेटी सृष्टि को गंभीर हालत में इंदौर के निजी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के भरसक प्रयास के बावजूद सृष्टि की जान नहीं बच सकी. वहीं, काजल करीब 50 प्रतिशत झुलस गई है और गंभीर हालत में उसका उपचार जारी है.
वीडियो कॉल पर मां को दी हादसे की सूचना
परिजनों ने पुलिस को बताया कि सृष्टि अपने माता-पिता की इकलौती संतान थी, उसके पिता किसान हैं. हादसे से कुछ देर पहले ही काजल की अपनी मां से फोन पर बात हुई थी. उस समय सृष्टि उसकी गोद में बैठी थी. आग लगने के बाद काजल ने सबसे पहले अपनी मां को वीडियो कॉल किया, क्योंकि उनका नंबर मोबाइल की डायल लिस्ट में सबसे ऊपर था. इसके बाद घटना की जानकारी अन्य परिजनों तक पहुंची.
कारणों की जांच की जा रही है…
इस संबंध में राजेंद्र नगर थाना प्रभारी यशवंत बड़ोले ने बताया कि मामले में शून्य पर मर्ग कायम कर जांच के लिए प्रकरण देपालपुर पुलिस को भेजा है, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक जांच में गैस की नली में आग लगने की बात सामने आई है. जांच पूर्ण होने के बाद हादसे के वास्तविक कारण स्पष्ट होंगे.
