छिंदवाड़ा। सांवरी वन परिक्षेत्र के अंतर्गत आनेवाले ग्राम रोहनाकला में छोटे बड़े झाड़ के जंगल में लगे सागौन के हरे भरे 13 पेड़ को काट दिया गया. उक्त बात की सूचना मिलने पर सांवरी वनपरिक्षेत्र के अमले ने कार्रवाई कर सागौन की लकडिय़ां जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर उक्त मामले को राजस्व विभाग को सौंप दिया है. प्राप्त जानकारी के अनुसार वन परिक्षेत्र सांवरी के वृत्त गांगीवाड़ा के वन अमले को मुखबिर द्वारा सूचना मिली कि ग्राम रोहनाकला रोहनाकला में निजी भूमि के पीछे स्थित राजस्व विभाग के अंतर्गत आने वाले छोटे बड़े झाड़ के जंगल वाले क्षेत्र खसरा क्रं. 545 0.275 हे. में नाले के पास लगे सागौन के हरे भरे 13 पेड़ों को काट कर सागौन की लकडिय़ों की तस्करी की जा रही है. उक्त बात की सूचना मिलने पर सांवरी वनपरिक्षेत्र के अमले ने तत्काल उक्त स्थान पर दबिश देकर कार्रवाई की. वन अमले ने अवैध रूप से काटे गए 13 सागौन के पेड़ों की लकडिय़ों को जब्त कर लिया वहीं सागौन के पेड़ काटने वाले ग्राम पुरा निवासी सालक पिता जगुत चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर लिया. वन विभाग ने प्रकरण तैयार कर मामले को राजस्व विभाग को सौंप दिया है आगे की कार्यवाही राजस्व विभाग करेगा.
वन अमले ने जब्त किए 53 नग लट्ठे
रोहना कला में स्थित छोटे बड़े झाड़ के जंगल में 13 सागौन के हरे भरे पेड़ काटने के मामले में वन अमले ने ग्राम पुरा निवासी सालक चंद्रवंशी को गिरफ्तार कर उक्त स्थान से 2 वायर के बंडल, 1 इलेक्ट्रिक आरा मशीन तो जब्त किया है साथ ही 53 नग सागौन के लट्ठे जब्त किया है. बाजार में इनकी कीमत लाखों रूपए की बताई जा रही है.
टीम ने की कार्रवाई
वन संरक्षक मधु वी राज , वनमंडलाधिकारी साहिल गर्ग के आदेश पर सांवरी परिक्षेत्र अधिकारी सुश्री कीर्तिबाला गुप्ता के नेतृत्व में परिक्षेत्र सहायक अजय शिवहरे, कार्यवाहक उपवनक्षेत्रपाल, वनरक्षक सुरेश भनारिया, राजेश दाढ़े, अरुण नागवंशी तथा सुरक्षाकर्मियों द्वारा अवैध रूप से सागौन काटने पर कार्रवाई की गई.
