
नयी दिल्ली, 09 सितम्बर (वार्ता) कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने उपराष्ट्रपति पद के लिए हुए चुनाव में श्री सी.पी. राधाकृष्णन को जीत हासिल करने पर बधाई दी है।
श्री खरगे ने उपराष्ट्रपति पद के लिए इंडिया गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार बी. सुदर्शन रेड्डी का भी आभार व्यक्त किया और कहा कि उन्होंने पूरी ताकत, पूरे उत्साह तथा सिद्धांत की प्रतिबद्धता के साथ यह चुनाव लड़ा।
उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति पद का चुनाव सही मायने में एक चुनाव से कहीं बढ़कर था। यह विचारधारा की लड़ाई थी, जिसने इस बात की पुष्टि की है कि हमारे संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सत्तावादी प्रवृत्तियों वाली सरकारों पर अंकुश लगाया जाना चाहिए।
राज्यसभा में विपक्ष के नेता ने कहा, “हमें उम्मीद है कि नवनिर्वाचित उपराष्ट्रपति संसदीय परंपराओं के सर्वोच्च मूल्यों को बनाए रखेंगे, विपक्ष के लिए समान स्थान और सम्मान सुनिश्चित करेंगे और सत्ताधारी दल के दबाव में नहीं झुकेंगे। उपराष्ट्रपति का पद वरीयता क्रम में दूसरा सर्वोच्च संवैधानिक पद है और उपराष्ट्रपति को लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा, स्वतंत्रता, निष्पक्षता और मजबूती के लिए ही काम करना चाहिए।”
उन्होंने कहा “हमें यह भी याद रखना चाहिए कि यह चुनाव कराना क्यों आवश्यक हो गया था। श्री जगदीप धनखड़ ने मानसून सत्र की शुरूआत में अचानक इस्तीफा दे दिया था। उम्मीद है कि संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति संविधान प्रदत्त शक्तियों के साथ पारदर्शिता, जवाबदेही और संवैधानिक दायित्वों के प्रति सम्मान दिखायेंगे।
