जेलर 2 को मिला यू/ए 16 प्रमाणपत्र

मुंबई, 08 अक्टूबर (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्मों के सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर अपने लोकप्रिय किरदार मुथुवेल पांडियन उर्फ टाइगर के रूप में दर्शकों का मनोरंजन करने के लिए तैयार हैं। नेल्सन दिलीपकुमार के निर्देशन में बनी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘जेलर 2’ को केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (सीबीएफसी) से यू/ए 16 प्रमाणपत्र मिल गया है। फिल्म 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।

रिपोर्ट के अनुसार, ‘जेलर 2’ की अवधि 165 मिनट यानी करीब पौने तीन घंटे है। फिल्म का बहुप्रतीक्षित ट्रेलर भी जारी कर दिया गया है, जिसमें मुथुवेल पांडियन के नए मिशन और जबरदस्त एक्शन की झलक देखने को मिली है।
फिल्म में रजनीकांत के साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू और मिर्ना प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगी। इसके अलावा एस.जे. सूर्या, विद्या बालन, सूरज वेंजारामूडु, मिथुन चक्रवर्ती, अन्ना राजन और जतिन सरना भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। मोहनलाल और शिवा राजकुमार विशेष भूमिका में दिखाई देंगे, जबकि विजय सेतुपति भी फिल्म में खास अंदाज में नजर आएंगे।

वर्ष 2023 में प्रदर्शित ‘जेलर’ की सफलता के बाद इसके दूसरे भाग को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है। अनिरुद्ध रविचंदर फिल्म का संगीत दे रहे हैं। विजय कार्तिक कन्नन ने छायांकन, जबकि आर. निर्मल ने संपादन का जिम्मा संभाला है। कलानिधि मारन के निर्माण में सन पिक्चर्स के बैनर तले बनी ‘जेलर 2’ 15 अक्टूबर को दुनियाभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म की रिलीज से पहले ‘जेलर 2 सुपर शो’ नौ अक्टूबर से सन नेक्स्ट पर प्रसारित किया जाएगा।

.....

Next Post

नाना पाटेकर के निधन पर प्रमुख हस्तियों ने जताया शोक,अर्पित की श्रद्धांजलि

Thu Oct 8 , 2026
नयी दिल्ली, 08 अक्टूबर (वार्ता) दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के आकस्मिक निधन पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं और फिल्म जगत की प्रमुख […]

You May Like