सीहोर. लंबे समय से शहर के शासकीय पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विधि संकाय की कक्षा में प्रवेश बंद कर दिया है. पूर्व में सीहोर कालेज में विधि की कक्षाएं संचालित हो रही थीं, लेकिन करीब एक दशक से कालेज प्रबंधन द्वारा लॉ की कक्षाओं के संचालित करने की दिशा में ध्यान नहीं दिया गया. इसके कारण विधि की शिक्षा का पतन हो रहा है. लेकिन अब क्षेत्रीय विधायक सुदेश राय और पीजी कालेज के जनभागीदार समिति के अध्यक्ष सुदीप प्रजापति की पहल रंग लाई है.
इस संबंध में भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष श्री प्रजापति ने मुख्यमंत्री और विधायक श्री राय का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि कालेज में पढ़ाई शुरू हो जाएगी और वहीं कानून की पढ़ाई के लिए सैकड़ाखेड़ी के पास लॉ कालेज का निर्माण कार्य भी पूर्ण हो जाने के बाद वहां पर कक्षाएं लगने की व्यवस्था की जाएगी.
गौरतलब है कि वर्षों से संगठनों के द्वारा शासकीय पीएम श्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस चंद्रशेखर आजाद अग्रणी महाविद्यालय पीजी कालेज में विधि संकाय प्रारंभ किए जाने की मांग छात्र-छात्राओं के द्वारा की गई है. पीजी कालेज में विधि संकाय नहीं होने से शहर सहित कालापीपल, आष्टा, इछावर, भैरुंदा आदि जगह के छात्र-छात्राओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कुछ निजी कॉलेजों में विधि संकाय पढ़ाया जा रहा है. शिक्षण शुल्क अधिक होने के कारण शहर व ग्रामीण क्षेत्र के गरीब बच्चे विधि संकाय में अध्यापन कार्य नहीं कर पाते हैं. इससे छात्र-छात्राओं को भोपाल, इंदौर और उज्जैन तक अध्यापन कार्य के लिए जाना पड़ रहा है. शहरी क्षेत्र में लगभग पांच हजार छात्र-छात्राए निवासरत होकर अध्यापन कार्य कर रहे हैं. ऐसे विद्यार्थी भी हैं जो विधि संकाय में अपना भविष्य बनाना चाहते हैं. उससे संबंधित कोई विषय शासकीय कालेज में नहीं होने से गरीब बच्चों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
