मियामी, 08 मार्च (वार्ता) अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नशीली दवाओं की तस्करी के विरुद्ध मध्य अमेरिकी देशों के साथ एक सैन्य गठबंधन ‘शील्ड ऑफ द अमेरिका’ का शुभारंभ किया और वेनेजुएला की डेल्सी रोड्रिग्ज सरकार को औपचारिक मान्यता देने की भी घोषणा की।
निकोलस मादुरो की गिरफ्तारी के बाद से ही अमेरिकी देखरेख में सुश्री रोड्रिग्ज की सरकार देश का प्रशासन चला रही है। इस अवसर पर, श्री ट्रंप ने अंतत: इस सरकार को औपचारिक मान्यता दे दी है।
मियामी के ट्रंप नेशनल डोरल मियामी होटल में आयोजित बैठक में श्री ट्रंप ने वेनेजुएला के सोने पर भी एक समझौते की भी घोषणा की, हालांकि उन्होंने शर्तों का उल्लेख नहीं किया। साथ ही उन्होंने पनामा नहर पर दोहराया कि वह नहर में ‘प्रतिकूल विदेशी प्रभाव’ की अनुमति नहीं देंगे।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने अपने भाषण का एक बड़ा हिस्सा क्यूबा पर केंद्रित किया। उन्होंने कहा कि यह द्वीपीय देश अपने ‘अंतिम क्षणों’ में है।
श्री ट्रंप ने कहा कि वह क्यूबा में जन्मे विदेश मंत्री मार्को रुबियो के माध्यम से सीधे क्यूबा से बातचीत कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “वे बातचीत करना चाहते हैं और मुझे लगता है कि बहुत आसानी से समझौता हो जाएगा।” इसके साथ ही उन्होंने इस देश के ‘मैत्रीपूर्ण अधिग्रहण’ की संभावना से भी इनकार नहीं किया।
ट्रंप नेशनल डोरल मियामी ने शनिवार को अमेरिकी राष्ट्रपति और क्षेत्र के 14 देशों के नेताओं के बीच एक बैठक की मेजबानी की, जिसे ‘शील्ड ऑफ द अमेरिका’ पहल के तहत बुलाया गया था।
बैठक में उपस्थित लोगों में जेवियर माइली, नायब बुकेले और चिली के नवनिर्वाचित राष्ट्रपति जोस एंटोनियो कास्ट के साथ-साथ इक्वाडोर, पराग्वे, होंडुरास और डोमिनिकन गणराज्य के नेता शामिल थे। बैठक में मेक्सिको की राष्ट्रपति क्लाउडिया शीनबाम को आमंत्रित नहीं किया गया था। श्री ट्रंप ने इसे स्पष्ट करते हुए कहा, “उन्होंने तस्करों (कार्टेल) से लड़ने के लिए अमेरिकी सहायता को खारिज कर दिया है।”
श्री ट्रंप के अनुसार, सत्रह देश औपचारिक रूप से इस गठबंधन में शामिल हो गए हैं। उन्होंने सभा को बताया, “हमारे समझौते का सार घातक सैन्य शक्ति का उपयोग करके कुख्यात तस्करों और आतंकवादी नेटवर्कों को नष्ट करना है।”
गौरतलब है कि राष्ट्रपति के स्वामित्व वाला यही रिसॉर्ट इस साल के अंत में जी20 शिखर सम्मेलन की मेजबानी भी करेगा।
