गुवाहाटी, 20 अक्टूबर (वार्ता) मोहित ठाकुर (पांच विकेट), रोशन आलम और ऋदीप डेका (दो-दो विकेट) की बेहतरीन गेंदबाजी के दम पर असम ने रणजी ट्रॉफी एलीट ग्रुप बी मुकाबले में मंगलवार को त्रिपुरा को नौ विकेट से शिकस्त दी। मोहित ठाकुर को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिला।
त्रिपुरा ने आज यहां दूसरी पारी में कल के पांच विकेट पर 143 रन से आगे खेलना शुरु किया। सुबह के सत्र में मोहित ठाकुर ने सेतु सरकार (59) को आउट कर असम को छठी सफलता दिलाई। इसके बाद अमित अली (चार) रन बनाकर आउट हुये। 61वें ओवर में मोहित ठाकुर ने मणिशंकर मूरासिंह (161) रन को आउट कर अपनी टीम को बड़ी सफलता दिलाई। मूरासिंह ने अपनी पारी में 160 गेंदों का सामना किया और 16 चौके और छह छक्के लगाये। संदीप सरकार (11) रन बनाकर आउट हुये। 68वें ओवर की चौथी गेंद पर रोशन आलम ने अभिजीत सरकार (14) रन को अपनी ही गेंद पर कैच आउट कर त्रिपुरा की दूसरी पारी का 307 रन के स्कोर पर अंत कर दिया।
असम को जीत के लिए 36 रनों का लक्ष्य मिला। जिसे उसने 13.2 ओवरों में एक विकेट खो कर हासिल कर लिया। निबिर डेका (19) और मुख्तार हुसैन (छह) रन बनाकर नाबाद रहे।
संक्षिप्त स्कोर:- असम पहली पारी 334 रन पर सभी खिलाड़ी आउट। त्रिपुरा पहली पारी (62) रन पर ऑल आउट।

