
मुंबई, 08 अक्टूबर (वार्ता) सोनी सब के धारावाहिक ‘हस्तिनापुर के वीर’ में जरासंध की भूमिका निभा रहे अभिनेता आभास मेहता का कहना है कि उनके किरदार का विस्तृत लुक उन्हें इसमें पूरी तरह ढलने में मदद करता है।धारावाहिक में हस्तिनापुर की दुनिया को भव्य विजुअल प्रस्तुति और विस्तृत किरदारों के साथ पेश किया गया है। जरासंध के किरदार के लिए आभास के लुक में घुटनों तक लंबे बाल, आभूषण और अन्य बारीकियों का विशेष ध्यान रखा जाता है। उन्हें तैयार होने में करीब डेढ़ घंटे का समय लगता है।
आभास ने कहा, “जरासंध का लुक मुझे किरदार में पूरी तरह ढलने में बहुत मदद करता है। मेकअप और कॉस्ट्यूम टीम पूरे दिन इस बात का ध्यान रखती है कि हर बारीकी सही जगह पर हो। घुटनों तक लंबे बाल, आभूषण और लुक की बारीकियां, ये सभी एक राजा का किरदार निभाने के एहसास को और गहरा बनाते हैं।” उन्होंने कहा, “जब मैं पूरी तरह तैयार होकर खुद को आईने में देखता हूं, तो मुझे आभास नहीं, बल्कि जरासंध नजर आता है। यह लुक मुझे अपनी सामान्य जिंदगी से बाहर निकलकर पूरी तरह इस किरदार में ढलने में मदद करता है।” ‘हस्तिनापुर के वीर’ का प्रसारण हर सोमवार से शनिवार रात नौ बजे सोनी सब पर किया जाता है।
