जबलपुर: चैत्र नवरात्रि के पावन अवसर पर मंदिर समिति द्वारा नवमी के दिन हवन-पूजन का आयोजन किया गया। नवमी में विधि-विधान से हुए हवन- पूजन के बाद श्रद्धा और भक्ति से परिपूर्ण दसवें दिन माता का भव्य भंडारा आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। समापन समारोह की शुरुआत कन्या भोजन से हुई, जिसके बाद भंडारे की प्रक्रिया प्रारंभ हुई। इस अवसर पर 2000 से अधिक भक्तजन शामिल हुए और मैया का प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ प्राप्त किया। पूरे आयोजन में भक्ति, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। उपस्थित श्रद्धालुओं ने माता रानी के प्रति अपनी आस्था और प्रेम व्यक्त किया।
लाल थीम में सजी मंदिर समिति
मंदिर समिति इस अवसर पर लाल रंग की थीम में सजी-धजी नजर आई, जिसने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया। ढोल-नगाड़ों की गूंज और माता रानी के जयकारों के बीच श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम का आनंद लिया। भंडारे में दही बड़े, हलवा, पूरी, सब्जी सहित कई स्वादिष्ट पकवान परोसे गए। मिठाई में आइसक्रीम और रसगुल्ला श्रद्धालुओं का विशेष आकर्षण बने रहे।
भद्रकाली ज्योतिष मन्नत धाम में 1008 कन्या भोज
चैत्र नवरात्र के पावन अवसर पर भद्रकाली ज्योतिष मन्नत धाम, पुरवा गढ़ा में 1008 कन्या भोज का भव्य आयोजन किया गया। इसके बाद हवन, पूजन और महाआरती के साथ मां भद्रकाली के साक्षात दर्शन 12 बजे संपन्न हुए। संध्या 3 बजे ज्वारे विसर्जन एवं प्रसाद वितरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। धर्म गुरु संजय महाराज के नेतृत्व में साधना, पाठ और पूजन द्वारा श्रद्धालुओं की मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।
