
मुंबई, 12 सितंबर (वार्ता) अभिनेता नानी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द पैराडाइज’ का ट्रेलर जारी नहीं किया जाएगा। नानी ने कहा कि यह फैसला फिल्म की गुणवत्ता से समझौता नहीं करने के उद्देश्य से लिया गया है। श्रीकांत ओडेला के निर्देशन में बनी इस फिल्म को इसके बड़े पैमाने और अलग विषय के कारण दर्शकों में काफी उत्सुकता है। फिल्म के प्रदर्शन से पहले इसकी झलक और ‘आया शेर’ तथा ‘येशनागुला’ गीत जारी किये जा चुके हैं, जिन्हें अच्छी प्रतिक्रिया मिली है। नानी ने कहा, “द पैराडाइज का कोई ट्रेलर नहीं होगा। किसी ने कहा था कि अगर हम अभी प्रचार नहीं करें तो भी फिल्म के पास इतनी चर्चा है कि वह बनी रहेगी, लेकिन मैं दर्शकों को हल्के में नहीं ले रहा हूं।”
उन्होंने कहा कि प्रभावी ट्रेलर तैयार करने के लिये निर्माणोत्तर काम रोकना पड़ता, जबकि कई टीमें बेहतर गुणवत्ता वाली फिल्म तैयार करने में जुटी हैं। उन्होंने कहा कि टीम अच्छा ट्रेलर जारी करना चाहती थी, लेकिन मौजूदा परिस्थितियों को देखते हुए इसे जारी नहीं करने का फैसला लिया गया।
फिल्म में नानी का रूप पहले से अलग और तीव्र बताया गया है। उन्होंने फिल्म की भाषायी पहुंच के बारे में कहा कि इसे केवल अखिल भारतीय फिल्म के रूप में पेश करने के बजाय तेलुगु दर्शकों को मुख्य लक्ष्य माना गया है। फिल्म अन्य भाषाओं के दर्शकों के लिये भी प्रदर्शित होगी। एसएलवी सिनेमाज के निर्माण में बनी ‘द पैराडाइज’ 24 सितंबर को हिंदी, तेलुगु, तमिल, अंग्रेजी, स्पेनिश, बंगाली, कन्नड़ और मलयालम में सिनेमाघरों में प्रदर्शित होगी।
