भोपाल: मध्यप्रदेश में चार अलग-अलग मौसम प्रणालियों के सक्रिय होने से अगले 24 घंटे में पूर्वी हिस्सों में मौसम का मिजाज बिगड़ सकता है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि रीवा, शहडोल, जबलपुर, कटनी, नरसिंहपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, बालाघाट, मंडला, डिंडौरी, सीधी, सिंगरौली, मऊगंज, मैहर, अनूपपुर और उमरिया जिलों में मध्यम से तेज बारिश हो सकती है। वहीं, पश्चिमी हिस्सों में बादल छंटने लगेंगे और कहीं-कहीं हल्की वर्षा ही दर्ज होने की संभावना है।
मौसम विज्ञानियों के अनुसार गुजरात और राजस्थान सीमा पर बना अवदाब धीरे-धीरे पश्चिम-दक्षिण पश्चिम की ओर खिसक रहा है। हालांकि वातावरण में नमी बनी रहने से पूर्वी मध्यप्रदेश में बारिश का असर तेज रहेगा। उधर,रविवार को भी मलाजखंड, जबलपुर और रतलाम समेत कई स्थानों पर बारिश दर्ज की गई। विशेषज्ञों का कहना है कि अगले 24 घंटे सावधानी की जरूरत है, खासकर निचले इलाकों में जलभराव और ग्रामीण क्षेत्रों में फसलों पर असर पड़ सकता है।
