करवा चौथ पर ‘रामायणम्’ का खास तोहफा, ‘जुड़ी जोड़ी’ में दिखा राम-सीता का पावन प्रेम

मुंबई, 29 अक्टूबर (वार्ता) करवा चौथ के अवसर पर नमित मल्होत्रा की फिल्म ‘रामायणम्’ का नया गीत ‘जुड़ी जोड़ी’ रिलीज किया गया है। ए. आर. रहमान के संगीत और डॉ. कुमार विश्वास के लिखे बोलों से सजा यह गीत भगवान राम और माता सीता के पवित्र प्रेम, विश्वास और समर्पण को दर्शाता है। गीत को पांच भाषाओं हिंदी, तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ में जारी किया गया है।

फिल्म के निर्माताओं ने ‘वर्ल्ड ऑफ रामायणम्’ और टी-सीरीज के आधिकारिक यूट्यूब चैनलों पर गीत जारी किया है। राम और सीता के विवाह के खूबसूरत पलों पर आधारित ‘जुड़ी जोड़ी’ उनके रिश्ते की मधुरता, आपसी विश्वास और जीवनभर साथ निभाने के संकल्प को प्रस्तुत करता है। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम और साई पल्लवी माता सीता की भूमिका निभा रहे हैं। गीत का हिंदी संस्करण श्रेया घोषाल ने गाया है, जबकि तमिल संस्करण को हीर, तेलुगु को सिरीषा भगवतुला, मलयालम को अमृता सुरेश और कन्नड़ संस्करण को पूजा वैद्यनाथ ने अपनी आवाज दी है। पांचों संस्करणों के मूल बोल डॉ. कुमार विश्वास ने लिखे हैं। तमिल, तेलुगु, मलयालम और कन्नड़ संस्करणों के लिए क्रमशः कार्तिक नेथा, राकेंदु मौली, विनायक शशिकुमार और कार्तिक सरगुर ने बोल तैयार किए हैं।

निर्माताओं ने सोशल मीडिया पर गीत का पोस्टर साझा करते हुए लिखा कि इस करवा चौथ पर ऐसे प्रेम का उत्सव मनाएं, जो हमेशा बना रहे और ऐसे रिश्ते का, जो दिव्य हो।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ में यश रावण, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका में नजर आएंगे। फिल्म का निर्माण नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियोज ने डीएनईजी और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के साथ मिलकर किया है। दो भागों में बनने वाली इस फिल्म का पहला भाग पांच नवंबर 2026 और दूसरा भाग दिवाली 2027 में रिलीज होने की योजना है। फिल्म हिंदी, तमिल, तेलुगु, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में दुनियाभर में रिलीज होगी।

.....

Next Post

अवैध रेत से लोड टाटा 407 जब्त, बिना वैध दस्तावेज रेत का परिवहन करते पकड़ाया 

Thu Oct 29 , 2026
सीधी। थाना जमोड़ी पुलिस की कार्यवाही में अवैध रेत से लोड टाटा 407 वाहन जब्त किया गया। बिना वैध दस्तावेज रेत का परिवहन करते पकड़े गये वाहन के चालक एवं वाहन स्वामी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला […]

You May Like