
शमशाबाद। महानीम चौराहा क्षेत्र में सिविल न्यायालय भवन निर्माण की प्रक्रिया शुरू होने से क्षेत्रवासियों को न्यायिक कार्यों में बड़ी सुविधा मिलने जा रही है। इसके लिए आवंटित भूमि का स्थल निरीक्षण अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश एच.पी. वंशकार तथा एसडीएम अजय प्रताप सिंह पटेल द्वारा किया गया।
एसडीएम अजय प्रताप सिंह पटेल ने बताया कि महानीम चौराहा के समीप मोहनपुरा क्षेत्र में खसरा नंबर 137 पर व्यवहार न्यायाधीश वर्ग-2 के न्यायालय भवन एवं न्यायाधीश आवास के निर्माण हेतु चार बीघा भूमि आवंटित की गई है। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने भूमि की स्थिति, पहुंच मार्ग और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश दिए।
शमशाबाद में न्यायालय भवन बनने की सूचना से क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है। लोगों का कहना है कि स्थानीय स्तर पर न्यायालय की स्थापना से न्याय प्राप्त करना आसान होगा, साथ ही समय और धन की भी बचत होगी। अभी तक शमशाबाद क्षेत्र के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए गंज बासौदा जाना पड़ता था।
महानीम चौराहा जैसे प्रमुख स्थल पर न्यायालय भवन बनने से ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को सुबह 7 बजे से रात 10 बजे तक सुगम आवागमन की सुविधा भी मिल सकेगी। इस अवसर पर नायब तहसीलदार डॉ. दर्शनलाल नेगी एवं थाना प्रभारी वीरेन्द्र कुमार भी उपस्थित थे.
