सारलैंडहैल (जर्मनी), 29 अक्टूबर (वार्ता) स्टार खिलाड़ी पीवी सिंधु और लक्ष्य सेन ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए हाइलो ओपन 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के दूसरे दौर में जगह बना ली है। किरण जॉर्ज, उन्नति हुड्डा और ईशरानी बरुआ ने अपने-अपने मुकाबलों में जीत दर्ज की। पिछले हफ्ते फ्रांस में उपविजेता रहीं दूसरी वरीयता प्राप्त पीवी सिंधु ने बुधवार को खेल गये महिला एकल के अपने पहले मैच में यूएई की प्रकृति भरत को 21-10, 21-10 से हराने के लिए केवल 28 मिनट का समय लिया।
पुरुष एकल में सातवीं वरीयता प्राप्त लक्ष्य सेन को थोड़ी ज्यादा मेहनत करनी पड़ी। पहला गेम हारने के बाद वापसी करते हुए उन्होंने फिनलैंड के जोआकिम ओल्डोर्फ को 16-21, 21-9, 21-13 से हराया। इस मुकाबले में उन्हें एक घंटे से थोड़ा ज्यादा समय लगा।
वहीं, किरण जॉर्ज ने मलेशिया के चीम जून वेई को 21-18, 21-17 से मात दी।
हालांकि, पुरुष एकल के अपने पहले मैच में एचएस प्रणय को हार का सामना करना पड़ा। पहला गेम गंवाने के बाद, वे फ्रांस के छठी वरीयता प्राप्त टोमा जूनियर पोपोव से 23-21, 21-16 से हार गए। तरुण मन्नेपल्ली और शंकर सुब्रमण्यन को क्रमशः चीनी ताइपे के ची यू जेन और फिनलैंड के काले कोलजोनेन से हार मिली, जिसके साथ ही वे बीडब्ल्यूएपसऊ सुपर 500 टूर्नामेंट से बाहर हो गए।
आयुष शेट्टी भी जर्मनी में खेलने वाले थे, लेकिन पिछले हफ्ते फ्रेंच ओपन के दौरान लगी चोट के कारण टूर्नामेंट शुरू होने से पहले ही उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया।
महिला एकल में, छठी वरीयता प्राप्त उन्नति हुड्डा ने भी पिछड़ने के बाद शानदार वापसी की और चेकिया की टेरेज़ा श्वाबीकोवा को 17-21, 21-12, 21-11 से हराया। ईशरानी बरुआ ने जर्मनी की मिरांडा विल्सन को सीधे गेमों में 21-19, 21-9 से हराया, जबकि अनमोल खरब ने श्रीलंका की रनिथमा लियानागे को 21-18, 22-20 से मात दी। मालविका बंसोड़ ने आपस में भिड़े दो भारतीय खिलाड़ियों के मुकाबले में जीत हासिल की; उन्होंने वापसी करते हुए देविका सिहाग को 18-21, 21-10, 21-14 से हराया।
अश्मिता चालिहा अपनी बढ़त को कायम नहीं रख सकीं और बुल्गारिया की कालोयाना नालबांतोवा से 18-21, 21-12, 21-8 से हारकर महिला एकल ड्रॉ से बाहर हो गईं। आकर्षि कश्यप को यूक्रेन की पोलिना बुहरोवा के खिलाफ 21-12, 21-18 से हार का सामना करना पड़ा।

