
रीवा में कार्यकर्ता सम्मेलन में कांग्रेस के प्रदेश संगठन प्रभारी ने पढ़ाया एकता का पाठ
नवभारत न्यूज
रीवा, 27 मार्च, लंबे समय बाद रीवा में कांग्रेस कमेटी का कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किया गया. जहा कार्यकर्ताओ का उत्साहवर्धन किया गया. वही कार्यकर्ताओं का मनोबल बढ़ाने के लिये उन्हे पार्टी की रीढ़ बताया गया और एकजुटता का पाठ पढ़ाने के साथ मिलकर संगठन को मैदानी स्तर पर मजबूत करने की बात कही गई. हालाकि यह कोई पहली बार नही कहा गया, इसके पहले भी प्रदेश संगठन प्रभारी मसीहत दे चुके है.
गुरूवार को कार्यकर्ता सम्मेलन में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव एवं मध्य प्रदेश के संगठन प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं का आव्हान करते हुए कहा कि कांग्रेस की विचारधारा को जन जन तक पहुंचाने के लिए अपने स्वार्थ को त्याग कर आम लोगो तक पहुंचाना होगा. इसमें भी सबसे पहली प्राथमिकता वंचित शोषित और गरीबों के पास तक कांग्रेस की विचारधारा को घर-घर जाकर पहुंचाना होगा तथा लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी जी की भावनाओं को पहुंचाना होगा. तभी कांग्रेस पार्टी अपने अतीत को पाने मे सफल हो पाएगी. श्री चौधरी रीवा एवं मऊगंज के कार्यकर्ता सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए कहा कि आज पूरे देश में घृणा का वातावरण भारतीय जनता पार्टी के द्वारा फैलाया जा रहा हैं, हमें इसे गम्भीरता से समझना होगा और इस वातावरण को दूर करना होगा. उन्होने कहा कि आज आवश्यकता इस बात की है कि प्रत्येक कांग्रेस जन कांग्रेस की विचारधारा को गांव-गांव में जाकर लोगों को बताए. आज दलित और वंचित वर्ग कमजोर व्यक्तियों के पास कांग्रेस जनों को जाकर कांग्रेस पार्टी की रीतिनीति को समझाना होगा तथा भारतीय जनता पार्टी द्वारा धार्मिक भावनाओं को भडक़ा कर लोगों को गुमराह करने वाली नीतियों से दूर करना होगा.
भाजपा से लडऩे गुटबाजी समाप्त करना होगा: जीतू पटवारी
प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष जीतू पटवारी ने अपने उद्बोधन में कुंवर अर्जुन सिंह एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष स्व. श्रीयुत श्रीनिवास तिवारी का स्मरण करते हुए कहा कि जब ऐसे पुरोधाओं का समय था तब रीवा और विंध्य अपने आप में जाना जाता था. जीतू पटवारी ने भाजपा पर जमकर हमला बोला, उन्होने कहा कि अगर गूगल किया जाय कि टाप 10 बलात्कारी भ्रष्टाचारी नेता कौन है और किस पार्टी के है तो वह सारे नेता आपको भाजपा के मिलेगे. अगर ऐसा नही हुआ तो मैं गलत निकल जाऊ तो मेरे ऊपर केस कर देना. रीवा की बेशकीमती भूमियों को अपने चहेते ठेकेदारों को कौडिय़ों के दाम बेच रहें है वहीं दूसरी ओर आमजन की भूमियों को अधिग्रहण करने के नाम पर मुआवजा तक नहीं दे पा रहे हैं. प्रदेश में अब कानून का राज नही रह गया हैं, चारों ओर भ्रष्टाचार का आलम छाया हुआ हैं. उन्होने कहा कि भाजपा से लडऩे के लिए हम सब लोगों को एकजुट होना पड़ेगा तथा गुटबाजी को समाप्त करना होगा. हम गुटबाजी को अब बर्दाश्त नही करेगें, तथा कांग्रेस जनों को हमारे नेता राहुल गांधीके भावनाओं को समझना होगा. श्री पटवारी ने कहा कि प्रदेश में संगठन का शीघ्र ही नया ढ़ाचा तैयार किया जायेगा और लोगों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों दी जावेगीं.
एक दूसरी की टांग खींचते है तो भाजपा आगे निकल जाती है: अजय सिंह
पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय राहुल ने कहा कि हम सबको गरीबों के पास पहुंचना होगा तथा गरीबों से बनी दूरी को समाप्त करना होगा. उन्होने कहा कि सत्ता बनाने मे हमारे विंध्य की हमेशा महती भूमिका रही हैं, इसलिए 2028 में हम भाजपा को सत्ता से बेदखल कर अपनी सरकार बनाएगें. कांग्रेस के लोग एक दूसरी की टांग खीचते है इस चक्कर में भाजपा आगे निकल जाती है. जबकि ऐसा किसी सूरत में नही होना चाहिये. हमारे प्रयासो में कमी रह जाती है यही हमारी हार का सबसे बड़ा कारण है. अगर कोई भाजपा में जाय और फिर एक दिन पहले लौट कर आ जाए और पार्टी उसे टिकट दे दे, इस तरह की बात दोबारा नही होनी चाहिये.
सी.डब्लू.सी. सदस्य पूर्व मंत्री कमलेश्वर पटेल ने प्रदेश की मोहन सरकार को घेरते हुए कहा कि आज सबसे ज्यादा अनुसूचित जाति, अनुसुचित जन जाति, और पिछिड़ो के साथ अत्याचार किया जा रहा हैं. चारों ओर लूट, खसोट, डकैती, का आलम छाया हुआ हैं. यदि हम भाजपा के कुशासन से मुक्ति चाहते है तो हम हर वर्ग के लोगों पास पहुच कर कांग्रेस की रीतिनीति बताना होगा.
प्रदेश के सह प्रभारी राणविजय सिंह अपने उद्बोधन मे कहा कि प्रदेश में कांग्रेस की जड़े बहुत मजबूत हैं, हमें आपसी भेदभाव भुलाकर अपने पुराने रास्ते आने की जरूरत हैं.
कार्यकर्ता सम्मेलन में प्रमुख रूप से रीवा जिला संगठन प्रभारी संजय शर्मा, जिलाध्यक्ष राजेन्द्र शर्मा, पूर्व मंत्री राजमणि पटेल, विधायक अभय मिश्रा, सतना सिद्धार्थ कुशवाहा डब्बू, अमरपाटन विधायक राजेन्द्र सिंह, महापौर अजय मिश्रा बाबा, पूर्व विधायक सुनील सर्राफ, सुखेन्द्र सिंह बन्ना, रामगरीब बनवासी, पूर्व प्रत्याशी विधानसभा रमाशंकर सिंह पटेल, बबिता साकेत, ने अपने-अपने विचार रखे.
