
मुंबई, 30 अक्टूबर (वार्ता)लोक आस्था के महापर्व छठ के पूर्व अवसर पर वर्ल्डवाइड रेकार्ड्स ने भोजपुरी भक्ति गीत ‘छठी मईया बिनती हमार’ रिलीज हो गया है। वर्ल्डवाइड रिकॉर्ड्स भोजपुरी के बैनर तले प्रस्तुत इस गीत को गायिका प्रियंका सिंह ने अपनी आवाज दी है, जबकि अभिनेत्री माही श्रीवास्तव ने अभिनय किया है। गीत के निर्माता रत्नाकर कुमार हैं।गीत में छठ व्रत की पवित्रता, भगवान सूर्य की उपासना और छठी मईया के प्रति श्रद्धालुओं की अटूट आस्था को दर्शाया गया है। इसमें एक भक्त अपने परिवार की सुख-समृद्धि, संतान की लंबी उम्र और घर में खुशहाली के लिए छठी मईया से प्रार्थना करती नजर आती है। घाट पर अर्घ्य की तैयारी और व्रतियों की श्रद्धा को भी गीत में खूबसूरती से प्रस्तुत किया गया है।
निर्माता रत्नाकर कुमार ने कहा कि छठ महापर्व हमारी संस्कृति, परंपरा और लोक आस्था का प्रतीक है। इस गीत के माध्यम से छठ की पवित्रता और श्रद्धालुओं की भावनाओं को संगीत के जरिए प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। उन्हें उम्मीद है कि यह गीत श्रोताओं को पसंद आएगा। माही श्रीवास्तव ने कहा कि छठी मईया का यह गीत उनके लिए आस्था और भावनाओं से जुड़ा अनुभव है। उन्होंने अपने अभिनय के जरिए छठ व्रती महिलाओं की श्रद्धा, समर्पण और परिवार के प्रति उनकी प्रार्थना को पर्दे पर उतारने की कोशिश की है। प्रियंका सिंह ने कहा कि छठी मईया के गीत गाना उनके लिए सौभाग्य की बात है। इस गीत में एक बेटी, एक मां और एक भक्त की प्रार्थना समाहित है। उन्होंने कामना की कि छठी मईया सभी के परिवारों में सुख, शांति और समृद्धि बनाए रखें।
