झाबुआ जिला अस्पताल में 19 वर्षीय युवती का सफल ऑपरेशन, पेट से निकली 4.5 किलो की विशाल गठान

झाबुआ. जिला चिकित्सालय झाबुआ में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने एक जटिल ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम देते हुए 19 वर्षीय युवती के पेट से करीब 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान निकाली है। करीब 37×28 सेंटीमीटर आकार की यह गठान युवती के बाएं अंडाशय में पाई गई थी। ऑपरेशन के बाद युवती की हालत में लगातार सुधार हो रहा है और वह चिकित्सकीय निगरानी में स्वस्थ है।

जानकारी के अनुसार, 19 वर्षीय अनिला पिछले करीब छह महीने से पेट में सूजन और दर्द की समस्या से परेशान थी। उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचने पर कैंसर सर्जन एवं विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. देवेंद्र भायल ने उसकी जांच की। अल्ट्रासाउंड में बाएं अंडाशय में करीब 37×28 सेंटीमीटर आकार का नियोप्लास्टिक लेजन सामने आया।

युवती की कम उम्र और गठान के अत्यधिक बड़े आकार को देखते हुए चिकित्सकों ने आवश्यक जांच और प्री-ऑपरेटिव तैयारियां पूरी कीं। इसके बाद जिला चिकित्सालय में ही ऑपरेशन कर करीब 4.5 किलोग्राम वजन की विशाल गठान को सफलतापूर्वक बाहर निकाला गया।

ऑपरेशन कैंसर सर्जन डॉ. देवेंद्र भायल के नेतृत्व में एनेस्थेटिस्ट डॉ. सावन चौहान, डॉ. राहुल धाकड़ और नर्सिंग ऑफिसर अनिल मोरे की टीम ने किया। ऑपरेशन के बाद मेडिकल टीम लगातार मरीज की निगरानी कर रही है।

जिला चिकित्सालय झाबुआ में कैंसर मरीजों के उपचार के लिए कैंसर सर्जरी और कीमोथेरेपी जैसी सुविधाएं उपलब्ध हैं। इस वर्ष अब तक 125 से अधिक कैंसर मरीजों का यहां उपचार किया जा चुका है। स्थानीय स्तर पर विशेषज्ञ उपचार की सुविधा मिलने से जिले के मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों की ओर जाने की जरूरत कम हो रही है। यह सफल ऑपरेशन जिला चिकित्सालय में उपलब्ध विशेषज्ञ कैंसर सर्जरी, एनेस्थीसिया और नर्सिंग सेवाओं का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

Next Post

जर्मनी : राजधानी बर्लिन में वामपंथी पार्टी की जीत, चांसलर मर्ज की पार्टी का सबसे बुरा प्रदर्शन

Tue Sep 22 , 2026
बर्लिन, 22 सितंबर (वार्ता) जर्मनी में इस साल के अंतिम राज्य चुनावों ने देश के राजनीतिक परिदृश्य को बदल दिया है और राजधानी बर्लिन में वामपंथी विचारधारा वाली डाई लिंके (वामपंथी पार्टी) सबसे बड़ी ताकत बनकर उभरी है। दक्षिणपंथी अल्टरनेटिव फॉर जर्मनी (एएफडी) मेक्लेनबर्ग-वोर्पोमर्न में सबसे आगे रही है। वामपंथी […]

You May Like