न्यूज़ीलैंड में भारतीय टेस्ट टीम से जुड़ने के लिए रवाना हुए ऋषभ पंत

बेंगलुरु, 12 नवंबर (वार्ता) फ़िटनेस को लेकर कई हफ़्तों की अनिश्चितता के बाद ऋषभ पंत गुरुवार सुबह तड़के न्यूज़ीलैंड के लिए रवाना हो गए हैं। वह शुक्रवार को वेलिंग्टन में भारत की टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। सीरीज़ की शुरुआत 19 नवंबर से होगी। पंत साइड स्ट्रेन की चोट से उबर रहे थे और बीसीसीआई के मेडिकल स्टाफ़ ने उन्हें फ़िटनेस की मंज़ूरी दे दी है।

1 से 4 अक्टूबर के बीच श्रीनगर में ईरानी कप के दौरान पंत को यह चोट लगी थी। उस टूर्नामेंट में वह रेस्ट ऑफ़ इंडिया टीम के कप्तान थे। इसके बाद 23 अक्तूबर से वह बेंगलुरु स्थित बीसीसीआई के सेंटर ऑफ़ एक्सीलेंस (सीओई) में रिहैबिलिटेशन कर रहे थे। सीओई पहुंचने तक पंत को न्यूज़ीलैंड दौरे के लिए भारत की टेस्ट टीम और टेस्ट सीरीज़ से पहले न्यूज़ीलैंड ए के ख़िलाफ़ होने वाले तीन चार दिवसीय मैचों के लिए भारत ए की टीम में भी चुन लिया गया था। हालांकि, इन दोनों टीमों में उनकी भागीदारी फ़िटनेस की मंज़ूरी मिलने पर निर्भर थी।

पंत को भारत ए और न्यूज़ीलैंड ए के बीच शुरुआती दो चार दिवसीय मैचों से बाहर कर दिया गया था। इसके बाद उन्हें 7 से 10 नवंबर के बीच होने वाले तीसरे मैच के लिए समय पर न्यूज़ीलैंड रवाना होना था। हालांकि, उनका रिहैबिलिटेशन आगे बढ़ा दिया गया, क्योंकि बीसीसीआई की मेडिकल टीम फ़िटनेस का आकलन करने के लिए चाहती थी कि पंत कुछ और समय सीओई में बिताएं।

वेलिंग्टन में पंत टेस्ट टीम से जुड़ेंगे। उनके साथ कप्तान शुभमन गिल, केएल राहुल और अंशुल कम्बोज भी होंगे। ये तीनों पांच मैचों की सीरीज़ के तीसरे वनडे के बाद टेस्ट सीरीज़ की तैयारी के लिए वनडे टीम से अलग हो गए थे।

पंत को भरोसा होगा कि वह 19 नवंबर से शुरू होने वाले वेलिंग्टन टेस्ट में खेलेंगे, लेकिन उनके देर से टीम से जुड़ने के कारण टीम मैनेजमेंट के सामने एक सवाल होगा। क्या प्लेइंग XI में पंत और ध्रुव जुरेल, दोनों को जगह दी जाए, जिन्होंने न्यूज़ीलैंड ए के ख़िलाफ़ भारत ए की कप्तानी की थी। या फिर दोनों विकेटकीपरों में से किसी एक को चुनकर बी साई सुदर्शन और देवदत्त पड़ीकल , दोनों को टीम में शामिल किया जाए?

न्यूज़ीलैंड ए के ख़िलाफ़ चार पारियों में जुरेल ने एक शतक और एक अर्धशतक लगाया था। वहीं साई सुदर्शन ने पांच पारियों में 91 और 88 रन बनाए। पडिक्कल ने भी पांच पारियों में 199 और 80 रन की पारियां खेलीं।

यह सीरीज़ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप फ़ाइनल में पहुंचने की भारत की उम्मीदों के लिहाज़ से बेहद अहम है। भारत फ़िलहाल अंक तालिका में चौथे स्थान पर है, जबकि न्यूज़ीलैंड शीर्ष पर है। उसके बाद दक्षिण अफ़्रीका और ऑस्ट्रेलिया हैं।

Next Post

वैश्विक निवेशकों के लिए भारत भरोसेमंद और सक्षम बाजार : पीयूष गोयल

Thu Nov 12 , 2026
विशाखापत्तनम , 12 नवंबर (वार्ता) वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने गुरुवार को कहा कि दुनिया में अस्थिरता, संघर्ष और अनिश्चितता के माहौल के बावजूद भारत वैश्विक निवेशकों के लिए एक भरोसेमंद, विश्वसनीय और उच्च क्षमता वाला निवेश गंतव्य बना हुआ है। श्री गोयल ने यहां आयोजित 31वें भारतीय […]

You May Like